उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले स्थित मोरी विकासखंड के पवाणी गांव में मंगलवार शाम को हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे गांव की तस्वीर बदल कर रख दी है। आग की इस भयावह घटना में गांव के 39 आवासीय भवन जलकर पूरी तरह मलबे के ढेर में तब्दील हो गए हैं, जिससे 50 से अधिक परिवार बेघर हो गए हैं। अपने पैतृक आशियानों और वर्षों की मेहनत को राख के ढेर में बदला देख गांव की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस गांव की गलियों में दो दिन पहले तक बच्चों की किलकारियां और खुशियों की रौनक हुआ करती थी, वहां आज केवल धुआं, राख और सन्नाटा पसरा है।
मंगलवार शाम भड़की चिंगारी ने 50 परिवारों से छीना आशियाना
यह भी पढ़ें: कपकोट में खाई में समाई स्कूटी, दो महिलाएं घायल, एक की हालत गंभीर
मिली जानकारी के अनुसार, आग की चिंगारी मंगलवार शाम करीब 4:50 बजे गांव के एक मकान से उठी और देखते ही देखते इसने आसपास के सभी लकड़ी व पारंपरिक भवनों को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत यह रही कि आग भड़कते ही घरों में मौजूद ग्रामीण तुरंत बाहर निकल आए, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। हालांकि, इस अग्निकांड में करीब सात दर्जन (84) मवेशी जिंदा दफन हो गए, जिनमें गाय और बकरियां शामिल हैं। आग लगने के वक्त गांव की अधिकतर महिलाएं जंगल में घास लेने गई थीं। महिलाओं का रोते हुए कहना है कि घरों में रखी नकदी, गहने, बर्तन, कपड़े, बिस्तर और सिलेंडर समेत सारा जरूरी सामान जलकर राख हो गया है और अब उनके पास तन पर पहने कपड़ों के अलावा कुछ भी शेष नहीं बचा है।
पेयजल किल्लत के कारण आग पर नहीं पाया जा सका काबू
गांव के बुजुर्ग निहाल सिंह ने बताया कि आग लगते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई थी। आसपास के ओसला, पाणी, गंगाड़ और डाट मीर गांवों के ग्रामीण भी आग बुझाने के लिए मौके पर दौड़े, लेकिन आग के विकराल रूप और गांव में पेयजल की भारी किल्लत के कारण इस पर काबू नहीं पाया जा सका। ओसला निवासी त्रिलोक सिंह राणा ने बताया कि पूरे गांव में अब महज 11 भवन ही सुरक्षित बचे हैं। ग्रामीणों की सबसे बड़ी चिंता यह है कि पवाणी गांव काफी ऊंचाई पर स्थित है और मौसम खराब होते ही यहां बर्फबारी शुरू हो जाएगी। ऐसे में कड़ाके की ठंड और बर्फबारी के बीच खुले आसमान या टेंट में रहना खतरे से खाली नहीं है।
यह भी पढ़ें: आईआईटीएफ-2026 में झारखंड के फूड स्टॉल को रजत पदक
डीएम ने किया गांव का दौरा, शासन को भेजा जाएगा पुनर्वास प्रस्ताव
अग्निकांड की सूचना मिलने के बाद जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने पवाणी गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रभावित ग्रामीणों के भोजन के लिए गांव में सामूहिक भोजनालय की व्यवस्था कर दी गई है और सभी को तत्काल राहत सामग्री व टेंट वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि पवाणी गांव को फिर से व्यवस्थित रूप से स्थापित करने के लिए मुख्यमंत्री से वार्ता कर शासन को विशेष प्रस्ताव भेजा जाएगा।
संबंधित खबरें
- उत्तराखंड कपकोट में खाई में समाई स्कूटी, दो महिलाएं घायल, एक की हालत गंभीर
- उत्तराखंड 36 नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र, 13 बेटियों ने भी मारी बाजी; CM धामी ने सौंपे नियुक्ति पत्र
- उत्तराखंड संत रविदास के विचारों को जमीन पर उतार रही सरकार, CM धामी ने बताई योजनाएं
- उत्तराखंड टनकपुर-बनबसा को जलभराव से मिलेगी राहत, चम्पावत को CM धामी की 165 करोड़ की सौगात










