मोगा : पंजाब के मोगा में आम आदमी पार्टी की महारैली से पहले एक बड़ा हादसा हो गया। रैली की तैयारियों के दौरान अचानक कॉफी मशीन फट गई। मशीन का एक टुकड़ा वहां काम कर रहे एक व्यक्ति के सिर पर जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
दरअसल, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान इस महारैली के जरिए 2027 के विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे। रैली में केजरीवाल पंजाब को और खुशहाल बनाने का रोडमैप पेश करेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री मान अपनी सरकार के पांच साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखेंगे।
यह भी पढ़ें: शेयर बाजार में मिला-जुला कारोबार, आईटी शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी
आप पंजाब के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू के अनुसार, रैली में अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री भगवंत मान, पूरी कैबिनेट और पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह रैली पंजाब की राजनीति में नया अध्याय शुरू करेगी और 2027 के चुनाव अभियान की औपचारिक शुरुआत होगी।
पार्टी की ओर से दावा किया जा रहा है कि सरकार ने 2022 के विधानसभा चुनाव में किए गए वादों और पांच बड़ी गारंटियों को पूरा किया है। रैली में शिक्षा, स्वास्थ्य, मोहल्ला क्लीनिक, महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा और 10 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा जैसी योजनाओं को सरकार की उपलब्धियों के रूप में पेश किया जाएगा।
इसके अलावा रैली में केंद्र सरकार पर पंजाब के पानी, चंडीगढ़ और फंड के मुद्दे पर भेदभाव करने के आरोप लगाए जा सकते हैं। भाजपा-अकाली दल के गठबंधन को लेकर भी पार्टी के नेता निशाना साध सकते हैं।
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर भाजपा का विशेष अभियान, 25 दिनों तक चलेगा जनसंपर्क
मोगा-लुधियाना रोड पर मटवानी गांव में सुबह 11 बजे रैली शुरू होने का कार्यक्रम है। आप नेता कुलदीप सिंह धालीवाल के मुताबिक, रैली के लिए 116 एकड़ में पंडाल तैयार किया गया है। लोगों की सुविधा के लिए दो जगह पार्किंग बनाई गई है। इसके अलावा लंगर, पीने के पानी और शौचालय की व्यवस्था की गई है। रैली को लेकर पंजाब पुलिस और सुरक्षा कर्मियों की ओर से भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
संबंधित खबरें
- भारत शेयर बाजार में मिला-जुला कारोबार, आईटी शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी
- भारत पीएम मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर भाजपा का विशेष अभियान, 25 दिनों तक चलेगा जनसंपर्क
- भारत कोलकाता नगर निगम चुनाव पर फिलहाल ब्रेक, सुप्रीम कोर्ट ने दिया हाईकोर्ट में सुनवाई का सुझाव
- भारत मणिपुर में KCP के 5 उग्रवादी गिरफ्तार, हथियारों का जखीरा बरामद







