बोकारो। बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) में वर्षों से सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे होमगार्ड जवानों ने प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जवानों को आशंका है कि उन्हें हटाकर उनकी जगह निजी सुरक्षा गार्डों की नियुक्ति की जा सकती है। इस फैसले के विरोध में बड़ी संख्या में जवान बुधवार को बोकारो उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
जवानों ने प्रशासन से मांग की कि निजी सुरक्षा एजेंसियों के कर्मियों की नियुक्ति पर तत्काल रोक लगाई जाए और पहले से काम कर रहे होमगार्ड जवानों की सेवा जारी रखी जाए।
यह भी पढ़ें: पेड़ बचाने के लिए आपसू ने खोला मोर्चा, कॉलेज प्रशासन को दी चेतावनी
घायल होने के बाद भी निभा रहीं ड्यूटी
होमगार्ड जवान रुपांजलि ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि वह लंबे समय से बीएसएल में 24 घंटे अपनी सेवाएं दे रही हैं। धरना-प्रदर्शन और मुश्किल हालात में भी उन्होंने अपनी ड्यूटी नहीं छोड़ी।
उन्होंने बताया कि कर्तव्य निभाने के दौरान उन्हें गंभीर चोट लगी थी, जिसके बाद उनका एक पैर काटना पड़ा। इसके बावजूद कृत्रिम पैर लगाकर वह आज भी बीएसएल में काम कर रही हैं।
35 साल से अधिक समय से कर रही हैं सेवा
महिला जवान गायत्री देवी ने बताया कि वह वर्ष 1990-91 से बीएसएल में तैनात हैं। वर्ष 1996-97 के आंदोलनों के दौरान भी उन्होंने कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी की थी।
यह भी पढ़ें: रांची में नशे के खिलाफ प्रशासन की पहल, ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
उन्होंने आरोप लगाया कि 600 जवानों के नाम पर केवल 400 जवानों से काम लिया जा रहा है। बाकी 200 जवानों का कोई स्पष्ट हिसाब नहीं दिया जा रहा है।
1984 से संभाल रहे हैं सुरक्षा की जिम्मेदारी
एक अन्य होमगार्ड जवान ने बताया कि वर्ष 1984 से गृह रक्षक बीएसएल की सुरक्षा में लगे हुए हैं। वर्ष 2010 में भी उन्हें हटाने की कोशिश की गई थी।
जवानों ने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी निजी सुरक्षा एजेंसियों को बढ़ावा देना चाहते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि वर्षों से सेवा दे रहे जवानों को हटाकर निजी एजेंसियों को मौका क्यों दिया जा रहा है।
प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग
होमगार्ड जवानों ने उपायुक्त से पूरे मामले में हस्तक्षेप करने और उनकी सेवा सुरक्षित रखने की मांग की है। जवानों का कहना है कि उन्होंने लंबे समय तक बीएसएल की सुरक्षा में योगदान दिया है। ऐसे में उन्हें हटाने के बजाय उनके अनुभव और सेवाओं को महत्व दिया जाना चाहिए।
संबंधित खबरें
- झारखंड पेड़ बचाने के लिए आपसू ने खोला मोर्चा, कॉलेज प्रशासन को दी चेतावनी
- झारखंड रांची में नशे के खिलाफ प्रशासन की पहल, ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
- झारखंड विधायक रामचंद्र सिंह के बेटे की शादी में पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन
- झारखंड 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों का बकाया वेतन देने की मांग, राज्यपाल से मिला कर्मचारी संघ







