रांची। जिले में अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है। बुधवार को मोरहाबादी मैदान से उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने आठ जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
ये वाहन जिले के अलग-अलग शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को अफीम की खेती और इसके अवैध कारोबार से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक करेंगे। साथ ही लोगों से इस गैरकानूनी काम से दूर रहने की अपील की जाएगी।
यह भी पढ़ें: पेड़ बचाने के लिए आपसू ने खोला मोर्चा, कॉलेज प्रशासन को दी चेतावनी
अफीम की खेती करने पर हो सकती है 20 साल की सजा
जागरूकता अभियान के दौरान लोगों को बताया जाएगा कि अफीम की अवैध खेती करना और इसके लिए जमीन उपलब्ध कराना एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध है। इसमें 20 साल तक की सजा या आजीवन कारावास और जुर्माने का प्रावधान हो सकता है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अधिक कमाई के लालच में अफीम की खेती न करें और न ही किसी को इसके लिए अपनी जमीन लीज या पट्टे पर दें।
सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गुप्त
जिला प्रशासन ने लोगों से अफीम की अवैध खेती और कारोबार से जुड़ी जानकारी पुलिस को देने की अपील की है। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम, पता और पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
यह भी पढ़ें: नौकरी बचाने के लिए सड़क पर उतरे होमगार्ड, उपायुक्त को सौंपा मांग पत्र
प्रशासन के अनुसार, अफीम की खेती और कारोबार में शामिल लोगों पर नजर रखी जा रही है। इस काम में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को जब्त करने के साथ अवैध कमाई से बनाई गई संपत्ति पर भी कार्रवाई की जाएगी। अफीम के खरीदारों और विक्रेताओं के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
जमीन और जल स्रोतों को भी होता है नुकसान
अभियान के जरिए लोगों को अफीम की खेती से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान के बारे में भी बताया जाएगा। प्रशासन के अनुसार, इससे जमीन की उर्वरता और उपजाऊ क्षमता प्रभावित होती है। साथ ही तालाब, नदी और कुओं जैसे जल स्रोतों के दूषित होने का खतरा रहता है।
अफीम से बने नशीले पदार्थों का सेवन स्वास्थ्य के लिए गंभीर रूप से नुकसानदायक है। इससे खासकर युवाओं में नशे की लत बढ़ती है, जिसका असर परिवार और समाज पर भी पड़ता है।
जिला प्रशासन ने लोगों से इस अभियान में सहयोग करने और अफीम की अवैध खेती को रोकने में अपनी भूमिका निभाने की अपील की है।
संबंधित खबरें
- झारखंड पेड़ बचाने के लिए आपसू ने खोला मोर्चा, कॉलेज प्रशासन को दी चेतावनी
- झारखंड नौकरी बचाने के लिए सड़क पर उतरे होमगार्ड, उपायुक्त को सौंपा मांग पत्र
- झारखंड विधायक रामचंद्र सिंह के बेटे की शादी में पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन
- झारखंड 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों का बकाया वेतन देने की मांग, राज्यपाल से मिला कर्मचारी संघ







