राज्य के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि चतुर्थ कृषि रोड मैप के तहत ‘गांव की बागवानी, हमारे गौरव की कहानी’ पहल के अंतर्गत क्लस्टर में बागवानी योजना का संचालन किया जा रहा है। इस योजना के माध्यम से किसानों को चयनित उद्यानिकी एवं सुगंधित फसलों की खेती के लिए प्रति एकड़ एक लाख रुपये तथा ड्रैगन फ्रूट की खेती के लिए दो लाख रुपये तक अनुदान दिया जाएगा। सिन्हा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में पपीता की खेती के लिए 40 हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 में आंवला के लिए 50 हेक्टेयर, एप्पल बेर के लिए 30 हेक्टेयर, अमरूद के लिए 190 हेक्टेयर, नींबू के लिए 210 हेक्टेयर तथा अनार के लिए 10 हेक्टेयर क्षेत्र में खेती का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अनुदान की शर्तें, किस्त और फसलों का दायरा
उन्होंने कहा कि अमरूद, नींबू, एप्पल बेर, बेल, कटहल, आंवला, अनार, पपीता, ड्रैगन फ्रूट सहित चयनित सुगंधित पौधों की खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य है कि किसान पारंपरिक खेती के साथ-साथ अधिक उद्यानिकी वाली फसलों को अपनाकर अपनी आमदनी में वृद्धि करें। सिन्हा ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को आत्मनिर्भर एवं लाभकारी बनाने तथा किसानों को कृषि उद्यमी के रूप में विकसित करने के विजन को साकार करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। क्लस्टर आधारित बागवानी इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे किसानों को बेहतर उत्पादन, गुणवत्तापूर्ण उपज एवं बाजार की सुविधा मिलेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। कृषि मंत्री ने बताया कि योजना के तहत चयनित उद्यानिकी एवं सुगंधित फसलों की खेती पर प्रति एकड़ एक लाख रुपये तथा ड्रैगन फ्रूट की खेती पर प्रति एकड़ दो लाख रुपये तक अनुदान दिया जाएगा। अनुदान की राशि दो किस्तों में 65:35 के अनुपात में उपलब्ध कराई जाएगी। किसान न्यूनतम 0.25 एकड़ से अधिकतम 10 एकड़ तक खेती के लिए योजना का लाभ ले सकते हैं।
यह भी पढ़ें: बिहार में छोटा मकान बनाने वालों की बल्ले-बल्ले, नक्शे का झंझट खत्म! जानें नए नियम
बटाईदार किसानों और महिला भागीदारी पर जोर
सिन्हा ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ वास्तविक खेती करने वाले किसानों तक पहुंचाना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से इस योजना में गैर-रैयत यानी बटाईदार किसानों को भी शामिल किया गया है। पपीते की खेती के लिए भूमि संबंधी एकरारनामा प्रस्तुत करने पर बटाईदार किसानों को भी लाभ मिलेगा। साथ ही योजना में कम से कम 30 प्रतिशत महिला किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
31 दिसंबर तक डीबीटी पोर्टल पर आवेदन की अपील
कृषि मंत्री ने इच्छुक किसानों से अपील की कि वे 31 दिसंबर 2026 तक कृषि विभाग के डीबीटी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करें। योजना का लाभ लेने के लिए डीबीटी पोर्टल पर किसान पंजीकरण तथा आवश्यक दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य है। आवेदन में गलत जानकारी या दस्तावेजों में त्रुटि पाए जाने पर आवेदन रद्द किया जा सकता है।
न्यूनतम रकबा और पौधों की उत्तरजीविता का नियम
उन्होंने बताया कि योजना के तहत क्लस्टर का न्यूनतम रकबा 0.25 एकड़ होना आवश्यक है। साथ ही लगाए गए पौधों की कम से कम 75 प्रतिशत उत्तरजीविता अनिवार्य होगी। इससे पौधों का उचित रखरखाव, बागवानी क्लस्टरों का टिकाऊ विकास तथा योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सकेगा। कृषि मंत्री ने राज्य के किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे क्लस्टर आधारित बागवानी को अपनाएं और सरकार की इस योजना का लाभ उठाकर अपनी आय बढ़ाने के साथ बिहार को उद्यानिकी के क्षेत्र में अग्रणी बनाने में सहभागी बनें।
यह भी पढ़ें: भोरे-भोरे कांपी बिहार की धरती, 2 सेकंड के झटके से मची हलचल
संबंधित खबरें
- बिहार बिहार में छोटा मकान बनाने वालों की बल्ले-बल्ले, नक्शे का झंझट खत्म! जानें नए नियम
- बिहार भोरे-भोरे कांपी बिहार की धरती, 2 सेकंड के झटके से मची हलचल
- बिहार मौत बनकर आया ट्रक! स्कॉर्पियो के उड़े परखच्चे, पांच की गई जान, 4 घायल
- बिहार देर रात फोन कर घर से बुलाया, सुबह गली में मिला 20 साल के युवक का शव








