भरनो (गुमला): झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने शुक्रवार को भरनो और सिसई प्रखंड के विभिन्न गांवों में संचालित पेयजल योजनाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने योजनाओं की जमीनी स्थिति, निर्माण कार्य की गुणवत्ता और ग्रामीणों को मिल रही पेयजल सुविधा का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में मंत्री ने भरनो प्रखंड के कमलपुर, दक्षिणी भरनो और मलगो गांव पहुंचकर सोलर आधारित जलमीनारों की स्थिति तथा पेयजल आपूर्ति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से योजनाओं के संचालन और ग्रामीणों को नियमित रूप से पानी उपलब्ध कराने के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद मंत्री सिसई प्रखंड के पोड़ा पहानटोली पहुंचे, जहां उन्होंने निर्माणाधीन पावर प्लांट इंटेक वेल परियोजना का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्य में लापरवाही और गुणवत्ता में कमी पाए जाने को लेकर उन्होंने संबंधित संवेदक को कड़ी फटकार लगाई। मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि विकास योजनाओं के निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा सभी योजनाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराया जाए। साथ ही पेयजल योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को नियमित रूप से मिले, इसके लिए आवश्यक निगरानी रखने को कहा।
मंत्री ने कहा कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा से जुड़ी योजनाओं में गुणवत्ता और नियमित आपूर्ति सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान विभाग के सचिव सहित जिले के वरीय पदाधिकारी और अभियंता उपस्थित थे।





