रांची: कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में विश्व बाल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को यूनिसेफ के 10 बाल पत्रकारों ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मुलाकात की और बाल अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य व अपने भविष्य को लेकर सार्थक संवाद किया। इस दौरान बाल पत्रकारों ने अपने विद्यालयों और समुदायों में आए सकारात्मक बदलावों की कहानी साझा करते हुए बताया कि वे बाल विवाह और बाल श्रम जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकने तथा स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा में जोड़ने में किस प्रकार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। बातचीत में माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, बचपन में होने वाली गैर-संचारी बीमारियों की रोकथाम, स्वस्थ खानपान और जलवायु परिवर्तन जैसे संवेदनशील विषयों पर चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियानों के अनुभव भी प्रमुखता से सामने आए।
शिक्षा, खेल और पुस्तकालयों पर सरकार का फोकस
बाल पत्रकारों के सवालों का सहजता, आत्मीयता और संवेदनशीलता के साथ जवाब देते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए निरंतर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से दूर रखने के लिए समीक्षा कर ठोस समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वे अपना पूरा ध्यान शिक्षण पर केंद्रित कर सकें। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के माध्यम से बच्चों के शैक्षणिक स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं।
शिक्षा के साथ खेलकूद को बढ़ावा देने की योजना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी विद्यालयों के उन विद्यार्थियों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है जिनकी खेल में रुचि है। उनकी प्रतिभा निखारने के लिए सरकार द्वारा खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी और पंचायत स्तर पर खेल मैदानों का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही वर्तमान में जिला स्तर पर पुस्तकालयों के निर्माण का कार्य भी चल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा अत्यंत आवश्यक है क्योंकि इसी से सही और गलत की स्पष्ट समझ विकसित होती है।
बाल विवाह पर सख्त संदेश और स्कूलों में अधिकारियों की मौजूदगी
संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने बाल विवाह को लेकर स्पष्ट और संवेदनशील संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बाल विवाह केवल कानूनी अपराध ही नहीं है, बल्कि प्रकृति के भी विरुद्ध है। इससे बच्ची के साथ-साथ पुरुष को भी कठिन परिस्थितियों से गुजरना पड़ता है, इसलिए लड़के और लड़कियों का विवाह निर्धारित आयु और अवधि में ही कराया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि राज्य सरकार के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे कम से कम एक दिन अपने क्षेत्र के स्कूलों में रहकर विद्यार्थियों से सीधा संवाद करें, जिससे जमीनी हकीकत और बच्चों की जरूरतों को समझा जा सके। विद्यालयों में माहवारी जागरूकता अभियान चलाए जाने और बच्चियों व महिलाओं को सैनेटरी पैड उपलब्ध कराए जाने की पहल का भी उन्होंने उल्लेख किया।
आत्मविश्वास से भरे बाल पत्रकारों की सराहना और यूनिसेफ का दृष्टिकोण
यूनिसेफ के अधिकारियों और बाल पत्रकारों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि बाल पत्रकारों का आत्मविश्वास और जागरूकता उन्हें हमेशा प्रेरित करती है। जब बच्चे इतनी स्पष्टता और बेबाकी के साथ अपने अधिकारों की बात रखते हैं, तो उनके भीतर भविष्य के नेतृत्व की झलक दिखती है। उन्होंने कहा कि बच्चे झारखंड के भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और जब कोई बच्चा सवाल पूछता है, किसी अन्याय के खिलाफ आवाज उठाता है या अपने समुदाय की समस्या का समाधान सुझाता है, तो उसकी बात गंभीरता से सुनी जानी चाहिए। झारखंड सरकार बच्चों के अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि हर बच्चे को सीखने, अपनी बात रखने, सुरक्षित रहने और सपने पूरे करने के समान अवसर मिल सकें। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बच्चों के विचारों को सुनने से सरकार को यह आकलन करने में मदद मिलती है कि योजनाएं जमीनी स्तर पर कितनी प्रभावी हैं, और इसके लिए यूनिसेफ के प्रयास सराहनीय हैं।
इस अवसर पर यूनिसेफ झारखंड की प्रमुख डॉ. कनीनिका मित्र ने कहा कि बच्चों के साथ 80 वर्षों के कार्य अनुभव के आधार पर यूनिसेफ मानता है कि बच्चों को केवल योजनाओं के लाभार्थी तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि उनके जीवन से जुड़े निर्णयों में भी उनकी भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। बाल पत्रकार कार्यक्रम ने दिखाया है कि सही जानकारी, आत्मविश्वास और मंच मिलने पर बच्चे बड़ा बदलाव ला सकते हैं। वहीं यूनिसेफ झारखंड की कम्यूनिकेशन, एडवोकेसी एंड पार्टनरशिप स्पेशलिस्ट आस्था अलंग ने कहा कि बच्चों की प्रगति काफी हद तक बड़ों के निर्णयों पर निर्भर करती है। भौगोलिक चुनौतियों, गरीबी और लैंगिक असमानता के बीच हर बच्चे को प्राथमिकता देना बेहद जरूरी है, क्योंकि बच्चों में किया गया निवेश ही समाज के बेहतर भविष्य की नींव रखता है। मुलाकात में सोनू उरांव, खुशबू कुमारी, तनु कुमारी, सोफिया नुजहत, प्रियांशी बरदियार, सूरज प्रताप सिंह, पल्लवी कुमारी, साक्षी कुमारी, पंकज कुमार और प्रियांशी कुमारी सहित एनबीजेके की सुष्मिता भट्टाचार्य व विवेक कुमार उपस्थित थे।

शिक्षा, खेल और पुस्तकालयों पर सरकार का फोकस
बाल विवाह पर सख्त संदेश और स्कूलों में अधिकारियों की मौजूदगी
आत्मविश्वास से भरे बाल पत्रकारों की सराहना और यूनिसेफ का दृष्टिकोण



