New Delhi: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी से भेंट की। इस अवसर पर सीएम ने उत्तराखण्ड के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, सड़क एवं रेल कनेक्टिविटी, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं के संबंध में पीएम से सहयोग एवं मार्गदर्शन का अनुरोध किया।
बैठक के दौरान सीएम ने कुंभ-2027 सहित विभिन्न योजनाओं में केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। आरडीएसएस योजना के अंतर्गत स्मार्ट मीटरिंग एवं विद्युत प्रणाली के सुदृढ़ीकरण हेतु 3,436.08 करोड़ रुपये की स्वीकृति, चारधाम यात्रा के प्रमुख स्थलों पर एटीसी टावर की व्यवस्था तथा चम्पावत बाईपास के लिए 199 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान करने के लिए भी उन्होंने प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया।
बुनियादी ढांचे, रिंग रोड और आरआरटीएस विस्तार पर चर्चा
सीएम ने देहरादून रिंग रोड की लगभग 1,200 करोड़ रुपये की परियोजना के अलाइनमेंट अनुमोदन, देहरादून-मसूरी रोपवे के अध्ययन एवं वन स्वीकृति प्रक्रिया में सहयोग, ऊर्जा, जल विद्युत एवं पेयजल परियोजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा एवं शैक्षणिक संस्थानों के विकास तथा आपदा प्रबंधन एवं पुनर्निर्माण कार्यों में केंद्र सरकार के सहयोग के लिए आभार जताया। इसके अलावा उन्होंने देहरादून से हरिद्वार तक आरआरटीएस विस्तार के लिए मेरठ-मोदीपुरम से हरिद्वार तक फिजिबिलिटी स्टडी कराने तथा ऋषिकेश में यातायात दबाव को देखते हुए बजरंग सेतु से बैरागी कैंप तक अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के माध्यम से फिजिबिलिटी स्टडी कराने में सहयोग के लिए भी प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया।
वेडिंग डेस्टिनेशन और शीतकालीन पर्यटन को मिल रहा बढ़ावा
सीएम ने पीएम को अवगत कराया कि राज्य में वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश एवं त्रियुगीनारायण को विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही चौपता-दुगलबिट्टा, पटवाडांगर एवं शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत नए वेडिंग डेस्टिनेशन विकसित करने की पहल की जा रही है और राज्य में वेडिंग डेस्टिनेशन पॉलिसी तैयार कर विस्तृत गाइडलाइंस जारी की गई हैं। उन्होंने बताया कि शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चारधाम के प्रमुख गद्दी स्थलों से शीतकालीन यात्रा प्रारंभ की गई है, जिसके तहत जीएमवीएन एवं केएमवीएन के पर्यटक आवास गृहों में 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। 19 अप्रैल 2026 तक 73 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने शीतकालीन यात्रा की तथा आदि कैलाश में 73,041 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
वोकल फॉर लोकल और शिक्षा के क्षेत्र में राज्य की उपलब्धियां
सीएम ने बताया कि वोकल फॉर लोकल एवं लोकल टू ग्लोबल की दिशा में राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। आईटीबीपी के साथ एमओयू के माध्यम से 7,255 बकरियों से 2.18 लाख किलोग्राम मांस एवं 30 टन मछली की आपूर्ति की गई है। ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है और इस ब्रांड का टर्नओवर 6.9 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
ब्रांड के 22 ट्रेडमार्क पंजीकृत हैं, जिनमें 11 जीआई टैग एवं आईपीआर से संबंधित हैं। अमेजन, ओएनडीसी, जियो मार्ट, बिग बास्केट एवं ब्लिंकिट जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी स्थानीय उत्पादों की बिक्री की जा रही है। उन्होंने बताया कि एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स में छोटे राज्यों की श्रेणी में उत्तराखण्ड प्रथम स्थान पर रहा है। सभी जनपदों में एक जिला-एक मेला आयोजित करने की दिशा में कार्यवाही की जा रही है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में 559 क्लस्टर विद्यालय चिह्नित किए गए हैं तथा 331 विद्यालयों का आकलन कर 93 विद्यालयों के लिए स्वीकृतियां जारी की गई हैं।





