जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की प्रमुख यजमानी में शुक्रवार को 26वीं श्री रामार्चा पूजा विधि-विधान के साथ शुरू हुई। सुबह आठ बजे से शुरू हुए इस धार्मिक अनुष्ठान में सरयू राय अपने परिवार के साथ मुख्य यजमान के रूप में शामिल हुए। पूजा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और शहर के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया।
पूजा की सभी विधियां गौरीकांत जी की देखरेख में विद्वान पंडित विनोद पांडेय, धनजी पांडेय, घनश्याम मिश्रा, उपेंद्र मिश्रा और नवीन पांडेय द्वारा संपन्न कराई जा रही हैं। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा का मुख्य अनुष्ठान शुरू हुआ।
आयोजकों के अनुसार, पूजा में चार आवरणों के तहत देवी-देवताओं की आराधना की जा रही है। इसमें नवग्रह, भगवान शिव, भगवान श्रीराम के परिवार, हनुमान जी, राजा दशरथ और माता सीता सहित विभिन्न देवी-देवताओं की पूजा की जाएगी। इसके बाद हवन और आरती के साथ अनुष्ठान संपन्न होगा।
वहीं, बारिश की संभावना को देखते हुए 21 नवंबर को होने वाले महाप्रसाद वितरण स्थल में बदलाव किया गया है। अब महाप्रसाद का वितरण बिष्टुपुर स्थित मिलानी हॉल में किया जाएगा। विधायक सरयू राय ने श्रद्धालुओं से मिलानी हॉल पहुंचकर महाप्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।




