धनबाद: जिले के बारामुड़ी खटाल का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। गरीब आशियाना बचाओ आंदोलन के तहत मेमको मोड़ में आयोजित जनसभा को संबोधित करने के बाद गुरुवार देर शाम पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव बारामुड़ी खटाल पहुंचे। वहां की बदहाल स्थिति देखकर वह भावुक हो गए और अपने आंसू नहीं रोक सके।
खटाल में रहने वाले गरीब परिवारों की परेशानी और उनकी स्थिति देखकर पप्पू यादव ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनका आशियाना बचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इन परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से समझने और उनके भविष्य को सुरक्षित करने की जरूरत है।
पांच घरों में खाया खाना, परिवारों का दर्द जाना
पप्पू यादव ने बताया कि उन्होंने बारामुड़ी खटाल के पांच घरों में जाकर खाना खाया और वहां रहने वाले परिवारों की स्थिति को करीब से देखा। उन्होंने कहा कि इन परिवारों की गरीबी और बदहाली बेहद चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि खटाल के लोगों के सामने सिर्फ घर उजड़ने का खतरा नहीं है, बल्कि उनके सामने रोजी-रोटी और जीवनयापन का भी संकट खड़ा हो सकता है।
CM हेमंत सोरेन से की भावुक अपील
सांसद पप्पू यादव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अपील की कि खटालवासियों को उजाड़ने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान निकाला जाए। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों के सिर से छत नहीं छीनी जानी चाहिए।
उन्होंने सरकार से इस मामले में मानवीय दृष्टिकोण अपनाने और प्रभावित परिवारों के भविष्य को सुरक्षित करने की मांग की।






