खूंटी: खूंटी समाहरणालय भवन में मंगलवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर और निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। सदर अस्पताल की ओर से रक्तदान शिविर और सेंटर फॉर साइट के सहयोग से नेत्र जांच शिविर लगाया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने किया। इस दौरान उपायुक्त ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को भी इसके लिए प्रेरित किया।
रक्तदान से बचाई जा सकती है किसी की जान
उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने कहा कि रक्तदान महादान है। किसी व्यक्ति के रक्तदान से जरूरतमंद मरीज को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है। इसलिए मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए स्वैच्छिक रक्तदान बहुत जरूरी है।
उन्होंने कहा कि समाज में आज भी रक्तदान को लेकर कई तरह की गलत धारणाएं हैं। इन्हें दूर करने के लिए जागरूकता फैलाने की जरूरत है। स्वस्थ लोगों को नियमित अंतराल पर रक्तदान करना चाहिए।
उपायुक्त ने समाहरणालय के अधिकारियों और कर्मचारियों से खुद जागरूक बनने और दूसरों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करने की अपील की।
निःशुल्क नेत्र जांच की भी मिली सुविधा
उपायुक्त ने नेत्र जांच शिविर की सराहना करते हुए कहा कि आंखें हमारे शरीर का महत्वपूर्ण अंग हैं। बेहतर स्वास्थ्य के लिए समय-समय पर आंखों की जांच कराना जरूरी है। इस तरह के शिविरों से लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिलती हैं और जागरूकता भी बढ़ती है।
रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
शिविर में समाहरणालय के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साह के साथ रक्तदान किया। रक्तदान करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
वहीं, सेंटर फॉर साइट की विशेषज्ञ और चिकित्सकीय टीम ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की निःशुल्क आंखों की जांच की।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, सेंटर फॉर साइट के प्रतिनिधि और समाहरणालय के विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।






