देवघर: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास मंगलवार को बासुकीनाथ धाम पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा फौजदारी के दरबार में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। मंदिर में पंडा-पुरोहितों ने विधि-विधान के साथ भोलेनाथ, माता पार्वती और अन्य देवी-देवताओं की पूजा कराई।
इस दौरान रघुवर दास ने वैदिक आरती भी की और अपने परिवार, झारखंड की जनता तथा पूरे विश्व की सुख-शांति और खुशहाली की कामना की। उनके आगमन को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
झारखंड और विश्व के कल्याण की कामना
पूजा-अर्चना के बाद रघुवर दास ने कहा कि उन्होंने बाबा फौजदारी से झारखंड की जनता और पूरे विश्व के कल्याण की प्रार्थना की है। साथ ही देश की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाली राष्ट्रविरोधी शक्तियों के नाश की भी कामना की।
पदयात्रा में शामिल होने की अपील
रघुवर दास ने बताया कि 5 नवंबर को दुमका में आयोजित होने वाली ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को सफल बनाने के लिए वह कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने पहुंचे हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में पदयात्रा में शामिल होकर इसे सफल बनाएं। इसी दौरान उन्होंने बाबा बासुकीनाथ के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना की।






