रांची: दिवाली और छठ पर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है। इन ट्रेनों का परिचालन हावड़ा-गोरखपुर, हावड़ा-बेतिया, हावड़ा-नई दिल्ली, शालीमार-दरभंगा, टाटानगर-लाभा और रांची-पूर्णिया कोर्ट के बीच किया जाएगा। इससे झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को त्योहार के दौरान घर आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह में भी रुकेंगी ट्रेनें
रेलवे की ओर से कई स्पेशल ट्रेनों का ठहराव चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर भी दिया गया है। इससे जामताड़ा और आसपास के इलाकों के यात्रियों को फायदा होगा।
ब्लैक डायमंड और जनशताब्दी का बदलेगा दर्जा
रेलवे ने दो प्रमुख ट्रेनों के दर्जे में भी बदलाव करने का फैसला लिया है। हावड़ा-धनबाद के बीच चलने वाली ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस और पटना-रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस से सुपरफास्ट का दर्जा हटा दिया जाएगा।
यह बदलाव 1 जनवरी 2027 से लागू होगा। इसके बाद ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस 13387/13388 नंबर से चलेगी। वहीं, पटना-रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस का नया नंबर 13365/13366 होगा।
यात्रियों को मिलेगा कम किराए का लाभ
सुपरफास्ट का दर्जा हटने के बाद दोनों ट्रेनों का किराया कम हो जाएगा। हालांकि, रेलवे के अनुसार दोनों ट्रेनों के समय और ठहराव में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। इससे यात्रियों को कम किराए में सफर करने की सुविधा मिलेगी।
read more : पत्रकार उमा शंकर दुबे के नाम पर WhatsApp पर मांगे जा रहे रुपये, प्रेस क्लब ने किया सतर्क






