किशनगंज: आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने शिक्षा विभाग की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) रूबी कुमारी के खिलाफ कार्रवाई की है। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे EOU की विशेष टीम ने उनके चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, EOU की टीम ने किशनगंज के रूईधासा स्थित सर्व शिक्षा अभियान कार्यालय और लाइन मोहल्ला स्थित रूबी कुमारी के किराये के मकान में तलाशी ली। इसके अलावा कटिहार, पटना समेत अन्य स्थानों पर भी छापेमारी की जा रही है।
दस्तावेज और बैंक खातों की हो रही जांच
छापेमारी के दौरान अधिकारियों की टीम संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन और अन्य महत्वपूर्ण कागजात की जांच कर रही है। पूरी कार्रवाई EOU के डीएसपी स्तर के वरिष्ठ अधिकारी के नेतृत्व में की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्यालय और आवास के बाहर सदर थाना पुलिस की तैनाती की गई है। पुलिस ने मुख्य प्रवेश द्वार पर सुरक्षा बढ़ा दी है और बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है।
आय से अधिक संपत्ति की शिकायत पर कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, रूबी कुमारी के खिलाफ आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली थी। इसके बाद आर्थिक अपराध इकाई ने मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मिले तथ्यों के आधार पर न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त कर यह कार्रवाई की गई है।
फिलहाल EOU की टीम सभी ठिकानों पर संपत्ति के दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड खंगाल रही है। छापेमारी पूरी होने के बाद ही बरामद दस्तावेजों और कथित आय से अधिक संपत्ति का पूरा ब्योरा सामने आएगा।






