मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर में सोमवार को गैस पाइपलाइन फटने से बड़ा हादसा हो गया। सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही-डुमरी इलाके में हुए इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इनमें दो लोगों के गंभीर रूप से झुलसने की खबर है।
जानकारी के अनुसार, इलाके में सड़क किनारे नाला निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान जेसीबी और पोकलेन मशीन से खुदाई करते समय जमीन के नीचे बिछी PNG गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन टूटते ही तेजी से गैस का रिसाव होने लगा और कुछ ही देर में जोरदार धमाका हो गया।
धमाके से घरों के शीशे टूटे, मकान में लगी आग
धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों के शीशे टूट गए। विस्फोट के बाद इलाके के एक मकान में आग भी लग गई। अचानक हुए धमाके से लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा को देखते हुए प्रभावित इलाके को खाली कराया गया, ताकि गैस रिसाव और आग से कोई बड़ा हादसा न हो।
इसके बाद गैस कंपनी की तकनीकी टीम ने पाइपलाइन का मुख्य वाल्व बंद करने और गैस रिसाव रोकने का काम शुरू किया।
नाला निर्माण के दौरान हुआ हादसा
शुरुआती जानकारी के अनुसार, नाला निर्माण के लिए की जा रही खुदाई के दौरान जेसीबी और पोकलेन मशीन से गैस पाइपलाइन टूट गई थी। फिलहाल घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है। प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।






