कोडरमा : कोडरमा घाटी में रविवार रात से लगे जाम ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी। रांची-पटना NH-20 पर करीब 15 घंटे तक गाड़ियों की लंबी कतार लगी रही। इस दौरान बस, ट्रक और छोटी गाड़ियों में सवार लोग रातभर सड़क पर फंसे रहे। सोमवार सुबह करीब 8 बजे जाम हटने के बाद वाहनों का आवागमन शुरू हो सका।
जाम के कारण घाटी में सड़क के दोनों ओर कई किलोमीटर तक गाड़ियों की कतार लग गई थी। यात्रियों को खाने-पीने से लेकर आराम करने तक में काफी परेशानी हुई। कई लोग रातभर अपनी गाड़ियों में ही फंसे रहे।
टायर ब्लास्ट से शुरू हुआ जाम
जानकारी के अनुसार, रविवार देर शाम कोडरमा घाटी के जामसोती नाला के पास एक बड़े वाहन का अचानक टायर फट गया। इसके कारण वाहन सड़क पर ही खड़ा हो गया और यातायात बाधित हो गया।
इसी दौरान चार से पांच अन्य वाहन भी खराब हो गए। इससे जाम और लंबा होता चला गया। अस्पताल जाने वाले मरीजों और जरूरी काम से यात्रा कर रहे लोगों को भी परेशानी हुई।
सूचना मिलने पर कोडरमा थाना प्रभारी अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जाम हटाने का प्रयास किया। सोमवार सुबह क्रेन की मदद से खराब वाहनों को हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हुआ।
फोरलेन सड़क बनाने की मांग
कोडरमा घाटी में बार-बार लगने वाले जाम से परेशान स्थानीय लोगों ने सड़क की मरम्मत और फोरलेन निर्माण की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क की खराब स्थिति और वाहनों के बार-बार खराब होने से यहां जाम की समस्या बनी रहती है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रविवार सुबह भी घाटी में जाम लगा था। काफी मशक्कत के बाद उसे हटाया गया था, लेकिन शाम होते ही फिर से जाम की स्थिति बन गई। लोगों ने प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।
Read more : रांची में आज इन इलाकों में नहीं रहेगी बिजली, विभाग ने जारी किया शेड्यूल






