रामगढ़: बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े कानूनों की जानकारी देने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से सुरक्षित बचपन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के छठे दिन शनिवार को रामगढ़ के विभिन्न स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें विद्यार्थियों को बाल अधिकारों और कानूनी सहायता के बारे में जानकारी दी गई।
यह कार्यक्रम राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के निर्देश पर आयोजित किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष मो. तौफीकुल हसन के मार्गदर्शन और डालसा सचिव अनिल कुमार के नेतृत्व में अभियान चलाया जा रहा है।
दो स्कूलों में दी गई कानून की जानकारी
अभियान के तहत डालसा के चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल सुजीत कुमार सिंह और असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल मोहन महतो ने एसएस गर्ल्स हाई स्कूल और गांधी मेमोरियल हाई स्कूल का दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी परेशानी की स्थिति में उचित कदम उठाने की सलाह दी।
बाल विवाह, बाल श्रम और साइबर अपराध पर चर्चा
कार्यक्रम में बच्चों को बाल अधिकार, बाल विवाह निषेध, बाल श्रम, बाल शोषण, लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण और साइबर अपराध जैसे विषयों की जानकारी दी गई।
वक्ताओं ने कहा कि अगर किसी बच्चे के साथ शोषण या दुर्व्यवहार होता है, तो उसे चुप नहीं रहना चाहिए। ऐसी स्थिति में तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षकों या संबंधित कानूनी सहायता संस्थाओं को जानकारी देनी चाहिए।
बच्चों को मिल सकती है मुफ्त कानूनी सहायता
विद्यार्थियों को बताया गया कि कानून में बच्चों की सुरक्षा के लिए कई प्रावधान हैं। जरूरत पड़ने पर वे नि:शुल्क कानूनी सहायता भी प्राप्त कर सकते हैं।
अभियान का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए समाज को प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में पैरा लीगल वॉलंटियर्स उमेश कुमार गुप्ता, किशोर मुंडा, निरंजन कुमार, टिकेश्वर प्रसाद, मीणा देवी और आशा गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे।






