रांची: आगामी छठ महापर्व को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर के सभी छठ घाटों को साफ-सुथरा, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए नगर निगम की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम के वरीय अधिकारियों के साथ शहर के चार प्रमुख छठ घाटों अरगोड़ा तालाब, बटन तालाब, स्वर्णरेखा नदी घाट और तिरील तालाब का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को घाटों की बेहतर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और बिजली की उचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
नगर आयुक्त ने घाटों के आसपास से अतिक्रमण हटाने और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों से भी बातचीत कर तैयारियों की जानकारी ली। साथ ही सभी घाटों पर अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती करने का निर्देश दिया।
तालाबों की सफाई और घेराबंदी के निर्देश
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने तालाबों की चारों ओर की बाउंड्री की जांच कर क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराने और जरूरी जगहों पर घेराबंदी करने को कहा। इसके अलावा घाटों पर सिविल कार्य और पेंटिंग कराने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने अगले दो दिनों में तालाब परिसर की सफाई पूरी करने को कहा। पानी की सफाई के लिए फिटकरी, ई-बॉल और ब्लीचिंग पाउडर का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया। साथ ही तालाब में नाली का गंदा पानी गिरने पर उसे रोकने की व्यवस्था करने को कहा।
घाटों पर बैरिकेडिंग का काम शुरू
छठ महापर्व के मद्देनजर नगर निगम ने घाटों पर बैरिकेडिंग का काम भी शुरू कर दिया है। श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से बचाने के लिए तालाबों के अंदर बांस-बल्लियों से घेराबंदी की जा रही है। इससे छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान सुरक्षा मिलेगी।
नगर निगम की ओर से प्रत्येक तालाब पर रोजाना चार से पांच सफाई कर्मचारियों को लगाया गया है। नगर निगम का लक्ष्य है कि छठ महापर्व शुरू होने से पहले सभी घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित हो, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।






