रांची: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रांची स्थित दीपशिखा संस्थान में नये सूचना केंद्र का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान में दिव्यांग बच्चों के लिए किए जा रहे कार्यों को देखा और बच्चों से मुलाकात की। राज्यपाल ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। साथ ही संस्थान को अपने विवेकाधीन अनुदान से एक लाख रुपये देने की घोषणा की।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने बच्चों द्वारा तैयार किए गए सामान को भी देखा। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए संस्थान की ओर से किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।
दिव्यांगजनों को आगे बढ़ने का मिले मौका
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि दिव्यांगजनों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं होती। जरूरत इस बात की है कि उन्हें उचित अवसर और बेहतर वातावरण मिले। इससे वे अपनी क्षमता के दम पर विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के विकास के लिए शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण, स्वास्थ्य, खेलकूद और रोजगार के क्षेत्र में समान अवसर देना जरूरी है। इससे वे आत्मनिर्भर बनेंगे और समाज व देश के विकास में योगदान दे सकेंगे।
सहानुभूति के बजाय सम्मान और सहयोग जरूरी
राज्यपाल ने कहा कि दिव्यांगजनों को सम्मान और समान अवसर उपलब्ध कराना केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। इसके लिए प्रशासन, सामाजिक संस्थाओं और आम लोगों को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को केवल सहानुभूति की जरूरत नहीं है, बल्कि उनके हुनर को पहचानकर आगे बढ़ने का अवसर देना चाहिए। उनकी प्रतिभा साबित करती है कि वे किसी से कम नहीं हैं।
दीपशिखा संस्थान को सहयोग का आश्वासन
राज्यपाल ने संस्थान में काम कर रही टीम की सराहना की और उनके प्रयासों के लिए बधाई दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दीपशिखा संस्थान को भविष्य में जब भी जरूरत होगी, वे सहयोग के लिए उपलब्ध रहेंगे।




