रांची : झारखंड के जेल महानिरीक्षक (IG) सुदर्शन मंडल ने बुधवार को हजारीबाग स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारागार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को भी जाना।
महिला बंदियों के बच्चों से की मुलाकात
निरीक्षण के दौरान जेल IG ने महिला बंदियों के बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने जेल परिसर में बच्चों की पढ़ाई के लिए की गई व्यवस्था का भी जायजा लिया। इसके अलावा बंदियों के बीच जरूरत के सामान वितरित किए।
जेल IG ने बंदियों तक भोजन पहुंचाने के लिए तैयार की गई ट्रॉली व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। बताया गया कि झारखंड की सभी जेलों में भोजन पहुंचाने के लिए ट्रॉलियों की व्यवस्था की जा रही है। लगभग सभी जेलों में ट्रॉलियां पहुंचा दी गई हैं।
जेल परिसर में किया पौधरोपण
हजारीबाग केंद्रीय जेल पहुंचने पर IG सुदर्शन मंडल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद बंदियों ने झारखंड की पारंपरिक संस्कृति के अनुसार उनका स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान जेल IG ने परिसर में रुद्राक्ष और आंवला के पौधे भी लगाए। उन्होंने जेल की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं, बच्चों की शिक्षा और भोजन वितरण प्रणाली की समीक्षा की।



