रांची: आम लोगों की समस्याओं को जल्द दूर करने और पुलिस व जनता के बीच बेहतर तालमेल बनाने के लिए बुधवार को रांची जिले के विभिन्न थानों और ओपी में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों की शिकायतें सुनीं और उनके समाधान के लिए कार्रवाई की।
कार्यक्रम में कुल 236 शिकायतें और आवेदन मिले। इनमें से 184 मामलों का उसी दिन निपटारा कर दिया गया। वहीं, 10 गंभीर मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जमीन विवाद से लेकर मारपीट तक की शिकायतें
पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम में जमीन विवाद, छेड़खानी, चोरी और मारपीट समेत कई तरह की शिकायतें सामने आईं। गंभीर मामलों को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर संबंधित थानों में 10 प्राथमिकी दर्ज की गईं। अन्य शिकायतों की भी जांच की जा रही है।
थानों में लोगों की समस्याएं सुनी गईं
इस कार्यक्रम में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों, पुलिस उपाधीक्षकों और थाना प्रभारियों ने हिस्सा लिया। अधिकारियों ने लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं समझीं और जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए।
सुखदेवनगर थाना में 12 शिकायतें मिलीं, जिनमें से 8 का निपटारा किया गया। सदर थाना में 9 में से 6 और डोरंडा थाना में 8 में से 7 शिकायतों का समाधान हुआ।
पुंदाग थाना में सभी शिकायतों का समाधान
पुंदाग थाना में मिली सभी 7 शिकायतों का निपटारा कर दिया गया। वहीं, लोअर बाजार थाना और पंडरा ओपी में भी प्राप्त सभी शिकायतों का समाधान किया गया।
पुलिस का कहना है कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनना और उनका जल्द समाधान करना है। गंभीर मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच भी की जा रही है।



