फॉण्ट कनवर्टर NEW

राजगीर में रग्बी का रोमांच, ‘हाका’ की गूंज के बीच CM सम्राट ने बजाया बिगुल

सीएम सम्राट चौधरी ने राजगीर खेल परिसर में भारत-न्यूजीलैंड अंडर-20 अंतर्राष्ट्रीय रग्बी सेवेंस सीरीज का उद्घाटन किया है, जिससे बिहार में अंतरराष्ट्रीय खेल गतिविधियों को नया बढ़ावा मिल रहा है।

अपनी भाषा में पढ़ें

Patna: सीएम सम्राट चौधरी ने आज नालंदा जिला के राजगीर खेल परिसर में भारत-न्यूजीलैंड अंडर-20 अंतर्राष्ट्रीय रग्बी सेवेंस सीरीज का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी जी की दूरदर्शी खेल नीति तथा भारत और न्यूजीलैंड के द्विपक्षीय खेल संबंधों के 100 साल पूरे होने के अवसर पर इसका आयोजन किया गया है। यह आयोजन दोनों देशों के बीच खेल संबंधों को नई मजबूती देने के साथ ही बिहार में रग्बी जैसे खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस आयोजन के माध्यम से बिहार में अंतर्राष्ट्रीय खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

न्यूजीलैंड माओरी टीम का ‘हाका’ नृत्य बना आकर्षण

इस अवसर पर भारत और न्यूजीलैंड माओरी की अंडर-20 पुरुष एवं महिला टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले गए, जिससे वहां उपस्थित दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में न्यूजीलैंड माओरी टीम का पारंपरिक ‘हाका’ नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान दोनों देशों की खेल संस्कृति, आपसी मित्रता और खेल भावना की अद्भुत झलक देखने को मिली।

यह सीरीज 23 से 28 अक्टूबर तक राजगीर स्थित राज्य खेल अकादमी में आयोजित की जा रही है। न्यूजीलैंड की अंडर-20 रग्बी टीमों का इस तरह की सीरीज के लिए यह पहला भारत दौरा है। न्यूजीलैंड और भारत के राष्ट्रगान के बाद भारत-न्यूजीलैंड रग्बी सीरीज की शुरुआत हुई। खेल शुरू होने से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने सीएम से हाथ मिलाकर उनका अभिवादन किया और अपना परिचय दिया। सीएम ने सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्द्धन किया तथा दोनों देशों के हस्ताक्षरयुक्त जर्सी का अनावरण भी किया। भारतीय रग्बी संघ के अध्यक्ष राहुल बोस ने प्रतीक चिह्न देकर सीएम को सम्मानित किया।

गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति

इस उद्घाटन समारोह में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, विधायक रुहेल रंजन, विधायक रत्नेश कुशवाहा, विधान पार्षद संजय मयूख सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, भारत में न्यूजीलैंड के कार्यवाहक उच्चायुक्त मैथ्यू आयर्स, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविन्द्र शंकरण, भारतीय रग्बी संघ के अध्यक्ष राहुल बोस, नालंदा की जिलाधिकारी उदिता सिंह, पुलिस अधीक्षक हृदय कांत सहित अन्य अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और खिलाड़ी उपस्थित थे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram