फॉण्ट कनवर्टर NEW

ऑरेंज अलर्ट के बाद नगर निगम सतर्क, तीन दिनों तक 24 घंटे काम करेंगी टीमें

चक्रवात ‘अर्नब’ के असर से 28 और 29 अक्टूबर को तेज हवा और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बाद मंगलवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने अधिकारियों के

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : चक्रवात ‘अर्नब’ के असर से 28 और 29 अक्टूबर को तेज हवा और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बाद मंगलवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें सभी संबंधित शाखाओं को अगले तीन दिनों तक 24 घंटे अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया।

53 वार्डों को चार जोन में बांटा गया

नगर निगम ने शहर के सभी 53 वार्डों को चार जोन में बांटा है। प्रत्येक जोन में दो क्विक रिस्पांस टीम (QRT) तैनात रहेंगी। ये टीमें जलजमाव, पेड़ गिरने और अन्य आपात स्थितियों में तुरंत कार्रवाई करेंगी।

इसके अलावा रात में भी स्वच्छता और हॉर्टिकल्चर शाखा की टीमें काम करेंगी। हॉर्टिकल्चर शाखा के कर्मचारी तीन शिफ्ट में तैनात रहेंगे।

जलजमाव वाले इलाकों पर रहेगी विशेष नजर

नगर आयुक्त ने निचले इलाकों और जलजमाव की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने को कहा है। सभी वार्ड और जोनल सुपरवाइजर को नालियों की सफाई कराने का निर्देश दिया गया है।

इसके साथ ही नदियों और बड़े नालों के जलस्तर पर नजर रखी जाएगी। झुके हुए और कमजोर पेड़ों की पहचान कर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।

JCB और मोटर पंप रहेंगे तैयार

भारी बारिश के दौरान पानी निकालने और रास्तों से गिरे पेड़ हटाने के लिए जेसीबी, सुपर सकर मशीन, स्किड लोडर और मोटर पंप तैयार रखे जाएंगे।

नगर निगम ने इन मशीनों को अलग-अलग जोन में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत इस्तेमाल किया जा सके।

24 घंटे काम करेगा कंट्रोल रूम

नगर निगम का कंट्रोल रूम अगले तीन दिनों तक 24 घंटे सक्रिय रहेगा। लोग जलजमाव, पेड़ गिरने या किसी अन्य आपात स्थिति की जानकारी कंट्रोल रूम को दे सकते हैं।

नगर निगम कंट्रोल रूम नंबर : 1800-570-1235

लोगों से सावधानी बरतने की अपील

नगर निगम ने लोगों से भारी बारिश और तेज हवा के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। खासकर निचले इलाकों और कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने को कहा गया है।

लोगों को पेड़ों, बिजली के खंभों, नदियों और नालों से दूर रहने की सलाह दी गई है। साथ ही खराब मौसम में बिना जरूरी काम के घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram