रांची : केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड (CUJ) में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए एक और मौका है। विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के चार वर्षीय स्नातक कोर्स की खाली सीटों पर दाखिले के लिए 27 अक्टूबर को काउंसलिंग और दस्तावेज सत्यापन कराने का निर्णय लिया है।
इस दौरान एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए विशेष काउंसलिंग राउंड होगा। अन्य श्रेणियों के विद्यार्थी मॉप-अप राउंड में हिस्सा ले सकेंगे। जिन पात्र विद्यार्थियों ने पहले पंजीकरण नहीं कराया है, वे भी स्पॉट रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
हिंदी, मास कम्युनिकेशन और भूगोल में अधिक सीटें खाली
विश्वविद्यालय के 15 अक्टूबर तक के आंकड़ों के मुताबिक, बीए हिंदी में सबसे ज्यादा 15 सीटें खाली हैं। इसके बाद बीए मास कम्युनिकेशन में 12 और बीएससी भूगोल में नौ सीटें उपलब्ध हैं।
बीए एंथ्रोपोलॉजी में पांच सीटें रिक्त हैं। वहीं, बीएससी पर्यावरण विज्ञान, भौतिकी, गणित, रसायन विज्ञान, बीए अर्थशास्त्र और बीए कोरियन में तीन-तीन सीटें खाली हैं।
बीए अंग्रेजी, बीए चाइनीज और बीकॉम में दो-दो सीटें उपलब्ध हैं। बीटेक सिविल इंजीनियरिंग में ईडब्ल्यूएस वर्ग की एक सीट खाली है।
आरक्षित और सामान्य वर्ग के लिए भी सीटें
बीए हिंदी में एससी वर्ग की चार, एसटी की एक, ओबीसी की पांच, ईडब्ल्यूएस की तीन और सामान्य वर्ग की दो सीटें रिक्त हैं।
बीए मास कम्युनिकेशन में एससी की छह, एसटी की एक, ईडब्ल्यूएस की तीन और सामान्य वर्ग की दो सीटें हैं। बीएससी भूगोल में एससी की दो, ओबीसी की तीन, ईडब्ल्यूएस की तीन और सामान्य वर्ग की एक सीट खाली है।
दस्तावेजों के साथ पहुंचना होगा विश्वविद्यालय
काउंसलिंग में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्र, मार्कशीट, पहचान-पत्र और सभी दस्तावेजों की फोटोकॉपी साथ लानी होगी। आरक्षण का लाभ लेने वाले अभ्यर्थियों के लिए संबंधित श्रेणी का वैध प्रमाणपत्र जरूरी होगा।
विश्वविद्यालय ने बताया कि स्पॉट रजिस्ट्रेशन कराने वाले विद्यार्थियों को भी 27 अक्टूबर को ही निर्धारित प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
खाली सीट और योग्यता के आधार पर मिलेगा प्रवेश
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, स्पॉट रजिस्ट्रेशन कराने का मतलब दाखिला सुनिश्चित होना नहीं है। विद्यार्थियों का चयन संबंधित पाठ्यक्रम में खाली सीटों, पात्रता और प्रवेश नियमों के अनुसार किया जाएगा।
दाखिले से जुड़ी पूरी जानकारी के लिए विद्यार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.cuj.ac.in देख सकते हैं।



