रांची : राजधानी रांची के CNG ऑटो चालकों ने अपनी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी है। रविवार को लाइन टैंक रोड स्थित ड्यूक मैन्सन कार्यालय में झारखंड प्रदेश CNG ऑटो चालक महासंघ और रांची जिला ऑटो यूनियन की संयुक्त बैठक हुई। इसमें ऑटो चालकों से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में रांची शहर में CNG ऑटो चलाने के लिए 5000 नए परमिट जारी करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। साथ ही ऑटो परमिट के हस्तांतरण और पुनर्स्थापन की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग की गई।
चालान काटने की समस्या को लेकर यातायात एसपी से मिलेंगे
बैठक में चालकों ने कहा कि सड़क पर चलते ऑटो को रोककर चालान काटे जाने से उन्हें परेशानी हो रही है। इस मुद्दे पर यातायात एसपी से मुलाकात कर समस्या के समाधान की मांग करने का फैसला लिया गया।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि ऑटो चालक शहर की परिवहन व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इसके बावजूद उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
बीमा योजना का लाभ लेने की अपील
बैठक के दौरान ऑटो चालकों और मालिकों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना की जानकारी लेने और पात्रता के अनुसार बीमा कराने की सलाह दी गई।
पदाधिकारियों ने कहा कि चालकों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं का समाधान संगठन की प्राथमिकता है।
मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो होगा आंदोलन
महासंघ और यूनियन ने संबंधित अधिकारियों से सभी मांगों पर जल्द कार्रवाई करने की अपील की। साथ ही कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो संगठन आंदोलन करने को मजबूर होगा।
बैठक की संयुक्त अध्यक्षता दिनेश सोनी और अर्जुन प्रसाद यादव ने की। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष नागेंद्र पांडेय ने किया।



