जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के कदमा स्थित एयर बेस कॉलोनी के ब्रह्मलोकधाम में रविवार को सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। गुरुजी और गुरुमां के जन्मोत्सव पर आयोजित इस कार्यक्रम में झारखंड के अलग-अलग क्षेत्रों से आए 50 जनजातीय जोड़े विवाह के बंधन में बंधे।
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और ब्रह्मलोकधाम के सहयोग से आयोजित इस समारोह का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की मदद करना था। विवाह करने वाले जोड़ों में दिव्यांग कुसुम मंडा के साथ अनिता उरांव और लक्ष्मण उरांव सहित अन्य जोड़े शामिल थे।
पिछले साल 25 जोड़ों का हुआ था विवाह
ब्रह्मलोकधाम के संचालक मोनु भट्टाचार्य ने बताया कि गुरुजी और गुरुमां के जन्मोत्सव पर हर साल विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी अवसर पर इस बार 50 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया गया।
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल ने बताया कि वर्ष 2025 में 25 जोड़ों का विवाह कराया गया था। इस साल यह संख्या बढ़ाकर 50 कर दी गई है। कार्यक्रम में बसंत कुमार मित्तल और उनके सहयोगियों ने भी सहयोग किया।
अब तक करीब 3500 विवाह कराने का दावा
झारखंड प्रांत के सेवा प्रमुख अशोक अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को शादी के खर्च में कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे परिवारों की मदद के लिए पिछले दस वर्षों से सामूहिक विवाह का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत अब तक करीब 3500 विवाह कराए जा चुके हैं।
नवविवाहित जोड़ों को दिए गए घरेलू सामान
समारोह के बाद सभी नवविवाहित जोड़ों को घरेलू उपयोग की वस्तुएं और विवाह प्रमाणपत्र दिए गए। आयोजकों के अनुसार, प्रत्येक जोड़े को करीब 10 हजार रुपये का घरेलू सामान और 1100 रुपये नकद दिए गए।
विवाह प्रमाणपत्र बिरसासेव न्यास की ओर से उपलब्ध कराए गए। आयोजकों ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता देना और समाज में सहयोग की भावना को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत प्रमुख देवेंद्र गुप्ता, अग्रवाल जिला सम्मेलन के अध्यक्ष मंटू अग्रवाल, सुशील लखल, मनीष अग्रवाल, ज्योति कुमारी, सपना और दिलीप श्रीवास्तव समेत कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।



