फॉण्ट कनवर्टर NEW

मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर विशेष जोर, 36,071 गर्भवती महिलाओं का हुआ पंजीकरण

बिहार के किशनगंज जिले में गर्भवती महिलाओं और नवजात बच्चों की सुरक्षा को लेकर स्वास्थ्य विभाग लगातार काम कर रहा है। जिले में गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, खून की कमी की पहचान और सुरक्षित प्रसव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

अपनी भाषा में पढ़ें

किशनगंज : बिहार के किशनगंज जिले में गर्भवती महिलाओं और नवजात बच्चों की सुरक्षा को लेकर स्वास्थ्य विभाग लगातार काम कर रहा है। जिले में गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, खून की कमी की पहचान और सुरक्षित प्रसव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, एक अप्रैल से अब तक जिले में 36,071 गर्भवती महिलाओं का प्रसव पूर्व जांच के लिए पंजीकरण किया गया है। वहीं, सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में 14,095 प्रसव कराए गए हैं। इनमें 105 सिजेरियन प्रसव भी शामिल हैं।

37 हजार से अधिक महिलाओं ने कराई नियमित जांच

जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. मुनाजिम ने बताया कि 24,972 गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण गर्भावस्था के पहले तीन महीनों में किया गया। वहीं, 37,676 महिलाओं ने चार या उससे अधिक बार प्रसव पूर्व जांच कराई।

इसके अलावा 44,312 महिलाओं की चार या उससे अधिक बार हीमोग्लोबिन जांच की गई, ताकि खून की कमी का समय पर पता लगाया जा सके और जरूरी इलाज किया जा सके।

गर्भवती महिलाओं को दी गई आयरन और कैल्शियम की गोलियां

स्वास्थ्य विभाग की ओर से गर्भवती महिलाओं को पोषण सहायता भी दी जा रही है। जिले में 37,426 महिलाओं को आयरन और फोलिक एसिड की 180 गोलियां दी गईं। वहीं, 37,136 महिलाओं को कैल्शियम की 360 गोलियां उपलब्ध कराई गईं।

इसका उद्देश्य गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को जरूरी पोषण देना और मां व बच्चे के स्वास्थ्य से जुड़े जोखिमों को कम करना है।

गांव-गांव में जागरूकता फैला रहीं आशा और एएनएम

सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने कहा कि गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीकरण, नियमित जांच और सुरक्षित प्रसव स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। आशा कार्यकर्ता और एएनएम गांवों में जाकर महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दे रही हैं।

वहीं, जिलाधिकारी नवीन कुमार ने ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने पर जोर दिया है।

स्वास्थ्य विभाग ने गर्भवती महिलाओं से अपील की है कि वे गर्भावस्था का पता चलते ही अपना पंजीकरण कराएं, नियमित जांच करवाएं और सुरक्षित प्रसव के लिए सरकारी अस्पतालों की सुविधाओं का लाभ उठाएं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram