रांची: झारखंड राज्य वन विकास निगम लिमिटेड (JSFDC) ने राज्य भर में भंडारित, जब्त और अब तक अविक्रित रहे तेंदू पत्तों के निपटान के लिए बड़ी पहल शुरू की है। निगम मुख्यालय, अशोक नगर, रांची की ओर से वर्ष 2026 एवं उससे पूर्व के मौसमों के संग्रहित तेंदू पत्तों की बिक्री के लिए अल्पकालीन ई-निविदा (e-Tender) सूचना जारी की गई है। यह नीलामी “जैसा है जहाँ है” तथा “शुद्ध एक मुश्त राशि” के आधार पर ऑनलाइन पोर्टल
www.jharkhandtenders.gov.inके माध्यम से पूरी की जाएगी।चार चरणों में पूरी होगी निविदा प्रक्रिया
व्यापारियों और बोलीदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निगम ने निविदा प्रक्रिया को चार अलग-अलग चक्रों में आयोजित करने का निर्णय लिया है:
- प्रथम चक्र (KL/1/2026): निविदा डाउनलोड व समर्पण 5 नवंबर से 10 नवंबर 2026 (शाम 5 बजे तक) तक होगा, जबकि विक्रय समिति की बैठक 12 नवंबर 2026 को होगी।
- द्वितीय चक्र (KL/2/2026): यह प्रक्रिया 13 नवंबर से शुरू होकर 17 नवंबर 2026 तक चलेगी, जिसकी विक्रय समिति बैठक 19 नवंबर 2026 को निर्धारित है।
- तृतीय चक्र (KL/3/2026): इसके तहत 20 नवंबर से 25 नवंबर 2026 तक बोली लगाई जा सकेगी और 27 नवंबर 2026 को समिति की बैठक होगी।
- चतुर्थ चक्र (KL/4/2026): अंतिम चक्र 28 नवंबर से 2 दिसंबर 2026 तक खुला रहेगा, जिसकी बैठक 4 दिसंबर 2026 को संपन्न होगी।
शर्तें और जरूरी दस्तावेज
निविदा में भाग लेने वाले इच्छुक खरीददारों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि उनके पास वैध डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट (DSC) होना अनिवार्य है। इसके अलावा, क्रेता पंजीकरण पत्र, निविदा शुल्क, बयाना (सत्यंकार) राशि, एकरारनामा, पैन कार्ड, पिछले तीन वित्तीय वर्षों के आयकर रिटर्न (ITR) तथा विगत वित्तीय वर्ष के जीएसटी रिटर्न की अभिप्रमाणित प्रतियां जमा करनी होंगी। इन सभी दस्तावेजों की एक-एक हार्ड कॉपी संबंधित विक्रय समिति की बैठक से ठीक एक दिन पूर्व दोपहर 3:00 बजे तक संबंधित वन प्रमंडलीय प्रबंधक के कार्यालय में जमा कराना आवश्यक है।
सहायता एवं संपर्क सूत्र
लॉट सूची, नियम और अनुबंध से जुड़ी विस्तृत जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है। किसी भी तकनीकी समस्या अथवा पूछताछ के लिए निगम ने टोल फ्री नंबर 18008891131 जारी किया है। इसके साथ ही उप निदेशक (विपणन) से 9471590052 और FPI रांची से 9153989366 पर भी सीधे संपर्क किया जा सकता है। वनोपज से जुड़े व्यवसायियों के लिए यह नीलामी एक अहम व्यावसायिक अवसर साबित होने जा रही है।





