रांची : दिवाली के मौके पर घर लौटने की तैयारी कर रहे लोगों को इस बार हवाई यात्रा के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं। आठ नवंबर को दिवाली है। इससे ठीक पहले छह और सात नवंबर को रांची आने वाली फ्लाइटों के टिकट महंगे हो गए हैं। कई प्रमुख शहरों से रांची का हवाई किराया सामान्य दिनों की तुलना में दो से तीन गुना तक बढ़ गया है।
भुवनेश्वर से रांची का टिकट 25,665 रुपये
भुवनेश्वर से रांची आने वाली फ्लाइट के किराये में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। इस रूट पर सामान्य दिनों में टिकट की कीमत करीब 4,533 रुपये रहती है। लेकिन छह नवंबर के लिए किराया 25,665 रुपये तक पहुंच गया है। वहीं, सात नवंबर को टिकट की कीमत 15,296 रुपये है।
दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु से भी बढ़ा किराया
दिल्ली से रांची आने के लिए यात्रियों को छह नवंबर को 15,349 रुपये और सात नवंबर को 16,219 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। सामान्य दिनों में इस रूट का किराया करीब 7,314 रुपये रहता है।
मुंबई से रांची का टिकट 22,730 रुपये तक पहुंच गया है। वहीं, बेंगलुरु से 17,947 रुपये और चेन्नई से रांची आने के लिए 18,061 रुपये तक किराया बताया जा रहा है।
अहमदाबाद से टिकट 21 हजार के पार
हैदराबाद से रांची का हवाई किराया छह नवंबर को 18,052 रुपये और सात नवंबर को 19,342 रुपये है। अहमदाबाद से रांची आने वाली उड़ानों का किराया दोनों दिनों के लिए 21,734 रुपये बताया गया है।
वहीं, कोलकाता से रांची का टिकट 6,105 से 9,150 रुपये के बीच मिल रहा है। पटना से रांची आने वाली फ्लाइटों का किराया 5,367 से 6,207 रुपये तक है।
यात्रियों की बढ़ती मांग से महंगे हुए टिकट
त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घर लौटते हैं। ऐसे में फ्लाइटों में सीटों की मांग बढ़ने से टिकट महंगे हो रहे हैं। एयरलाइंस की डायनेमिक प्राइसिंग व्यवस्था के कारण सीटों की उपलब्धता कम होने पर किराया बढ़ जाता है।
हवाई टिकटों की बढ़ती कीमतों से दिवाली पर रांची लौटने वाले यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है।



