चतरा : जिले में अपराधियों पर नकेल कसने के लिए चतरा पुलिस लगातार सतर्क है। इसी कड़ी में हेरुवा बाईपास पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान में एसपी अनिमेष नैथानी और एसडीपीओ सन्नी वर्धन शामिल हुए। वहीं सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।
जांच के दौरान पुलिस ने आने-जाने वाले वाहनों की जांच की। साथ ही वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने और सुरक्षित तरीके से गाड़ी चलाने की सलाह दी।
अपराध करने वालों को भेजा जाएगा जेल : एसपी
वाहन जांच अभियान के दौरान एसपी अनिमेष नैथानी ने अपराधियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि चतरा में अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। अगर कोई अपराधी आपराधिक घटना को अंजाम देने के इरादे से शहर में प्रवेश करता है, तो उसे जेल भेजा जाएगा।
एसपी ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और जवानों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने और अपराध रोकने के लिए सतर्क रहने को कहा।
उन्होंने कहा कि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। लोगों की सुरक्षा के लिए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




