रांची : रांची रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार की शाम आरपीएफ ने गांजा तस्करी के मामले में दो युवकों को पकड़ा है। दोनों के पास से 27 किलो गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 13 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई आरपीएफ पोस्ट रांची और अपराध आसूचना शाखा (CIB) की संयुक्त टीम ने की। दोनों युवकों को स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से पकड़ा गया।
ट्रॉली बैग में छिपाकर रखा था गांजा
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे आरपीएफ को स्टेशन पर गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद जवानों ने स्टेशन परिसर में जांच शुरू की। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर एक पर ट्रॉली बैग लेकर खड़े दो युवक संदिग्ध दिखाई दिए।
जवानों ने दोनों से पूछताछ की, लेकिन उनके जवाबों से संदेह बढ़ गया। इसके बाद दोनों के ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई। तलाशी में एक बैग से 13 और दूसरे बैग से 14 पैकेट गांजा मिला। कुल 27 पैकेटों का वजन 27 किलो पाया गया। जांच किट से परीक्षण करने पर गांजा होने की पुष्टि हुई।
पकड़े गए दोनों युवक ओडिशा के निवासी
आरपीएफ के अनुसार, पकड़े गए युवकों में 19 वर्षीय सानंद चंद्र कुंभार और 23 वर्षीय मानस कलेत शामिल हैं। दोनों ओडिशा के सोनपुर जिले के रहने वाले हैं।
आरपीएफ ने बरामद गांजा और अन्य सामान जब्त कर लिया है। इसके बाद दोनों युवकों को आगे की कार्रवाई के लिए राजकीय रेल पुलिस (GRP) रांची के हवाले कर दिया गया।
रेलवे स्टेशनों पर जारी है विशेष जांच अभियान
आरपीएफ ने बताया कि यह कार्रवाई ऑपरेशन ‘नारकोस’ के तहत की गई है। मंडल सुरक्षा आयुक्त की निगरानी में रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है।
रेलवे सुरक्षा बल की टीम यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रख रही है। इसी अभियान के दौरान रांची रेलवे स्टेशन से गांजे की बड़ी खेप बरामद की गई है।




