फॉण्ट कनवर्टर NEW

रामरेखा धाम में महोत्सव की तैयारी तेज, DC कंचन सिंह ने किया निरीक्षण

सिमडेगा जिले में राजकीय रामरेखा महोत्सव 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार को रामरेखा धाम परिसर में उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें रामरेखा धाम समिति के सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में महोत्सव के दौरान

अपनी भाषा में पढ़ें

सिमडेगा : सिमडेगा जिले में राजकीय रामरेखा महोत्सव 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार को रामरेखा धाम परिसर में उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें रामरेखा धाम समिति के सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और साफ-सफाई की व्यवस्था पर चर्चा की गई।

उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को महोत्सव शुरू होने से पहले तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

11 जगहों पर होगी पार्किंग की व्यवस्था

महोत्सव में आने वाले वाहनों के लिए 11 पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं। इन जगहों पर मजिस्ट्रेट, पुलिस जवान और रामरेखा धाम समिति के वॉलंटियर्स तैनात रहेंगे। पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एसडीओ की अध्यक्षता में एक समिति भी बनाई जाएगी।

चार जगहों पर बनेंगे स्वास्थ्य केंद्र

श्रद्धालुओं को इलाज की सुविधा देने के लिए रामरेखा धाम में चार स्वास्थ्य केंद्र बनाए जाएंगे। इन केंद्रों पर मेडिकल टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी। उपायुक्त ने सिविल सर्जन को सभी जरूरी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।

इसके अलावा रामरेखा जलापूर्ति योजना की मरम्मत कर नियमित पेयजल उपलब्ध कराने को कहा गया। निर्माणाधीन शौचालयों का काम जल्द पूरा करने और पुराने शौचालयों की मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए। जरूरत पड़ने पर अस्थायी शौचालय भी बनाए जाएंगे।

दुकानों को व्यवस्थित लगाने का निर्देश

महोत्सव में लगने वाली दुकानों के लिए एक ही रंग के तिरपाल और छप्पर लगाने पर जोर दिया गया है। दुकानदारों को सड़क पर दुकान नहीं लगाने को कहा गया है, ताकि श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही में परेशानी न हो।

इसके साथ ही दुकानों में बिजली कनेक्शन की व्यवस्था समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया। बैठक में साधु-संतों के ठहरने, दाल-भात केंद्र और दीदी कैफे के संचालन पर भी चर्चा हुई।

DC ने निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

बैठक के बाद उपायुक्त कंचन सिंह ने रामरेखा धाम में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संग्रहालय भवन का निर्माण महोत्सव से पहले पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही निर्माण में इस्तेमाल होने वाली टाइल्स और मार्बल की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।

बैठक में उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी, अपर समाहर्ता गिरिजा शंकर महतो, एसडीओ सुमंत तिर्की, सिविल सर्जन डॉ. सुंदर मोहन सामद, एसडीपीओ धर्मदेव पासवान सहित कई अधिकारी और रामरेखा धाम समिति के सदस्य मौजूद रहे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram