फॉण्ट कनवर्टर NEW

एल्विश यादव के घर फायरिंग मामले में बड़ा अपडेट, अमेरिका में हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया गिरफ्तार

भारत के मोस्टवांटेड गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया को अमेरिका में गिरफ्तार किया गया है। दोनों की गिरफ्तारी के बाद गुरुग्राम में हुई फायरिंग की पुरानी घटनाएं एक बार फिर चर्चा में हैं। इनमें यूट्यूबर एल्विश यादव के घर और हीरो होंडा चौक के

अपनी भाषा में पढ़ें

गुरुग्राम : भारत के मोस्टवांटेड गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया को अमेरिका में गिरफ्तार किया गया है। दोनों की गिरफ्तारी के बाद गुरुग्राम में हुई फायरिंग की पुरानी घटनाएं एक बार फिर चर्चा में हैं। इनमें यूट्यूबर एल्विश यादव के घर और हीरो होंडा चौक के पास एक कार शोरूम पर हुई गोलीबारी की घटनाएं शामिल हैं। इन मामलों में हिमांशु भाऊ गैंग का नाम सामने आया था।

बताया जा रहा है कि हरियाणा एसटीएफ, एनआईए और अन्य एजेंसियों के बीच साझा की गई जानकारी के आधार पर अमेरिकी एजेंसियों ने दोनों को पकड़ा है। हिमांशु भाऊ के खिलाफ गुरुग्राम सहित एनसीआर के कई इलाकों में आपराधिक मामले दर्ज हैं।

एल्विश यादव के घर पर बदमाशों ने चलाई थीं गोलियां

अगस्त 2025 में गुरुग्राम के सेक्टर-57 स्थित बिग बॉस ओटीटी-2 के विजेता एल्विश यादव के घर पर तीन बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग की थी। घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए इसकी जिम्मेदारी ली गई थी। इस पोस्ट में हिमांशु भाऊ का नाम भी सामने आया था।

पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। बताया गया था कि घटना से पहले एल्विश यादव को फोन पर करोड़ों रुपये की रंगदारी की धमकी भी दी गई थी।

कार शोरूम पर फायरिंग की भी ली थी जिम्मेदारी

गुरुग्राम के हीरो होंडा चौक के पास स्थित बिग बाय टायज कार शोरूम पर भी कुछ महीने पहले फायरिंग हुई थी। बदमाशों ने शोरूम पर कई गोलियां चलाई थीं। इस घटना की जिम्मेदारी हिमांशु भाऊ गैंग ने ली थी।

इन दोनों घटनाओं के बाद पुलिस गैंग से जुड़े लोगों और उसके नेटवर्क की जांच कर रही थी।

चार गैंगस्टरों पर 10-10 लाख के इनाम की सिफारिश

हरियाणा एसटीएफ ने अगस्त 2026 में हिमांशु भाऊ समेत चार गैंगस्टरों पर 10-10 लाख रुपये का इनाम घोषित करने की सिफारिश की थी। इनमें रोहित गोदारा, रणदीप मलिक और अनिल पंडित भी शामिल थे।

इन गैंगस्टरों के खिलाफ हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में आपराधिक मामलों को लेकर जांच चल रही थी। विदेश में छिपे आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग एजेंसियां मिलकर काम कर रही थीं।

भारत लाने की प्रक्रिया होगी शुरू

हरियाणा एसटीएफ के एसपी वसीम अकरम ने बताया कि हिमांशु भाऊ को अमेरिका से भारत लाने की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। भारत लाने के बाद उससे विभिन्न आपराधिक मामलों में पूछताछ होगी।

पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में गैंग के अन्य सदस्यों और विदेश से चलाए जा रहे आपराधिक नेटवर्क के बारे में जानकारी मिल सकेगी। दोनों की गिरफ्तारी को अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram