रामगढ़ : रामगढ़ जिले में शनिवार से होमगार्ड भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सिद्धू-कान्हू मैदान में सुबह पांच बजे से ही अभ्यर्थियों का पहुंचना शुरू हो गया। होमगार्ड की नौकरी पाने के लिए अभ्यर्थियों ने दौड़ और शारीरिक दक्षता परीक्षा में हिस्सा लिया। परीक्षा शुरू होने से पहले सभी के एडमिट कार्ड और जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। इसके बाद अभ्यर्थियों को मैदान में प्रवेश दिया गया।
पहले दिन दो राउंड की परीक्षा पूरी
होमगार्ड बहाली के पहले दिन शारीरिक दक्षता परीक्षा के दो राउंड पूरे कर लिए गए हैं। अन्य अभ्यर्थियों की दौड़ और शारीरिक जांच जारी है। परीक्षा में शामिल होने के लिए सुबह से ही अभ्यर्थियों की भीड़ लगी रही। सभी की जांच निर्धारित नियमों के अनुसार की जा रही है।
मैदान में पुलिस बल की तैनाती
बहाली प्रक्रिया में किसी तरह की गड़बड़ी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर परीक्षा स्थल पर अधिकारियों और पुलिस जवानों को तैनात किया गया है।
मैदान में केवल वैध एडमिट कार्ड रखने वाले अभ्यर्थियों को ही प्रवेश दिया जा रहा है। बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को लेकर भी सख्ती बरती जा रही है। प्रशासन की ओर से पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी जा रही है।
अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध
शारीरिक परीक्षा में हिस्सा लेने पहुंचे अभ्यर्थियों के लिए मैदान में पीने के पानी, बैठने और प्राथमिक उपचार की सुविधा दी गई है। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी व्यक्ति के बहकावे में न आएं और नियमों का पालन करते हुए परीक्षा दें।
जिला प्रशासन का कहना है कि होमगार्ड बहाली की प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरी कराई जा रही है। फिलहाल सिद्धू-कान्हू मैदान में शारीरिक दक्षता परीक्षा जारी है।




