रांची: राजधानी के व्यापारियों और करदाताओं को टैक्स से जुड़ी औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए अब सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वाणिज्य-कर विभाग के विशेष अंचल (रांची) की ओर से करदाताओं की सुविधा के लिए एक विशेष निबंधन शिविर (Registration Camp) का आयोजन किया जा रहा है। यह कैंप 24 अक्टूबर 2026 को रातू रोड स्थित गैलेक्सिया मॉल के सामने, कालिका मार्केट में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा।
इस शिविर में झारखंड माल और सेवा कर (GST) अधिनियम 2017, झारखंड पेशा कर अधिनियम 2011 तथा वैट (VAT) अधिनियम 2005 के तहत नए रजिस्ट्रेशन और संबंधित कार्यों का ऑन-द-स्पॉट निस्तारण किया जाएगा। विभाग ने क्षेत्र के सभी पात्र व्यवसायियों और करदाताओं से अपील की है कि वे समय पर पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं।
साथ लाना न भूलें ये जरूरी दस्तावेज:
कैंप में त्वरित प्रक्रिया के लिए करदाताओं को निम्नलिखित दस्तावेज साथ लाने होंगे:
- पैन कार्ड और आधार कार्ड
- सक्रिय ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर
- पते का प्रमाण (बिजली बिल/रेंट एग्रीमेंट/लीज एग्रीमेंट/सहमति पत्र)
- पासपोर्ट साइज फोटो (प्रोप्राइटर, पार्टनर, डायरेक्टर या HUF कर्ता की)
- बैंक खाते का विवरण (कैंसिल चेक या पासबुक)





