रांची: राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड स्थित आदर्श नगर कॉलोनी (गागी) में हुई हथियारबंद डकैती की सनसनीखेज वारदात की गुत्थी को रांची पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस की विशेष टीम ने इस गिरोह के एक महिला समेत कुल 6 सक्रिय डकैतों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इनके पास से लूटे गए ₹4,24,000 नकद, वारदात में इस्तेमाल की गई इनोवा और स्कॉर्पियो कार तथा 8 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
सुबह-सुबह हथियार चमकाकर घर में मचाया था तांडव
घटना 13 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 7 बजे की है, जब रिंग रोड के पास रहने वाले वादी रामशंकर प्रसाद सिंह के घर में हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोला था। डकैतों ने परिवार के लोगों को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया और घर में रखे लाखों रुपये के कीमती सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लूटकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी।
अगस्त से चल रही थी रेकी, 14 अपराधियों का संगठित नेटवर्क
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर ग्रामीण एसपी और डीएसपी हेडक्वार्टर-1 अमर कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया। जांच टीम ने तकनीकी सर्विलांस और जमीनी खुफिया सूचनाओं के आधार पर जब पड़ताल आगे बढ़ाई, तो पता चला कि इस पूरी डकैती में कुल 14 शातिर अपराधी शामिल थे। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह अगस्त 2026 से ही लगातार पीड़ित के घर की रेकी कर रहा था। गिरोह ने पूरी प्लानिंग के साथ गाड़ियों और हथियारों का इंतजाम किया और घटना को अंजाम दिया।
पिठौरिया में गाड़ियां बदलकर भागे, पुलिस ने चारों तरफ से घेरा
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी ग्रे रंग की इनोवा कार (JH14C-4405) से भागे थे। पुलिस को चकमा देने के लिए वे पिठौरिया थाना क्षेत्र पहुंचे और वहां गाड़ियां बदलकर अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए। बाद में पुलिस ने घेराबंदी करते हुए इनोवा को कोकदोरों चौक के पास लावारिस हालत में बरामद किया। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल काले रंग की स्कॉर्पियो (JH01 EX-1156) भी जब्त की गई। बरियातू, दलादली और सुखदेवनगर थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर 6 अपराधियों को दबोचा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की कुंडली
पकड़े गए आरोपियों में बिहार और झारखंड के शातिर बदमाश शामिल हैं:
- बीर बहादुर सिंह: बखोरापूर, बड़हरा, भोजपुर (बिहार)
- सुधीर कुमार: बखोरापूर, बड़हरा, भोजपुर (बिहार)
- कम्मो देवी: मूल पता धरमपुर, संदेश (भोजपुर), वर्तमान पता अलकापुरी, रातू रोड, रांची
- चन्द्रशेखर पाण्डेय: मूल पता करनी, इटखोरी (चतरा), वर्तमान पता इन्द्रपुरी कॉलोनी, सुखदेवनगर, रांची
- सुमीत कुमार सिंह: मूल पता सुरौंधा, इटाढ़ी (बक्सर), वर्तमान पता एदलहातु, मोहराबादी, रांची
- रजनीश सिंह: मूल पता खडीहा, मुफस्सिल (औरंगाबाद), वर्तमान पता अशोक सिनेमा हॉल के पास, कुज्जू, रामगढ़
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, बीर बहादुर सिंह के खिलाफ भोजपुर के बड़हरा थाने में और रजनीश सिंह के खिलाफ रामगढ़ के पतरातू थाने में डकैती व लूट के पुराने आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के बाकी 8 फरार अपराधियों की धरपकड़ और बाकी बचे जेवरात की बरामदगी के लिए लगातार दबिश दे रही है।





