रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले की चुट्टूपालू घाटी में बीती रात भीषण सड़क हादसा हो गया। रांची-पटना मुख्य मार्ग पर ब्रेक फेल होने से एक कंटेनर अनियंत्रित होकर आगे चल रही कार से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि कार कंटेनर के नीचे दब गई। हादसे में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कंटेनर का ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, चुट्टूपालू घाटी में उतरने के दौरान कंटेनर का ब्रेक फेल हो गया। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कंटेनर ने आगे चल रही कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांच लोग अंदर ही फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
दो घंटे की मशक्कत के बाद निकाले गए लोग
रामगढ़ थाना के सब-इंस्पेक्टर सुमंत कुमार राय ने बताया कि कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी पांच लोगों को बाहर निकाला गया और रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने एक महिला समेत दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर किया गया है। एक घायल महिला का इलाज रामगढ़ सदर अस्पताल में चल रहा है।
तीन घंटे तक रांची-पटना मार्ग पर लगा जाम
हादसे के बाद कंटेनर सड़क पर पलट गया, जिससे रांची-पटना मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब तीन घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने पहले एक लेन से दोनों ओर के वाहनों की आवाजाही शुरू कराई। इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।



