लातेहार: जिले के चंदवा प्रखंड स्थित बाना चकला पावर प्लांट के मुख्य गेट और एनएच-22 पर शुक्रवार को ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। इस पावर प्लांट का अधिग्रहण उड़ीसा एलॉय एंड स्टील प्राइवेट लिमिटेड (रश्मि ग्रुप) ने किया है। ग्रामीणों ने कंपनी प्रबंधन पर बिना अनुमति सर्वे कराने और विस्थापित रैयतों के खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज कराने का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों के अनुसार, 20 सितंबर को ओएसपीएल कंपनी ने ग्राम सभा की अनुमति के बिना ड्रोन से सर्वे कराया था। इसका ग्रामीणों ने विरोध किया था। उस समय कंपनी की ओर से दोबारा ड्रोन सर्वे नहीं कराने की बात कही गई थी। इसके बावजूद ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी ने कई विस्थापित रैयतों और ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने कंपनी की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए इसे तानाशाही बताया। महिला और पुरुष ग्रामीण सरना झंडे लेकर मौके पर पहुंचे और कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
सड़क जाम की सूचना मिलने पर चंदवा थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर मनोरंजन प्रसाद सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था।




