चतरा : चतरा के किशुनपुर में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। सड़क किनारे खड़े ट्रक से एक बोलेनो कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार 28 वर्षीय बसंत राणा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि किशुनपुर निवासी बसंत राणा कार से बधार की ओर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और खड़े ट्रक में जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बसंत राणा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में उपेन्द्र राणा, रामदेव राणा और गुड्डू राणा घायल हुए हैं। तीनों को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए हजारीबाग रेफर किया गया है।
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया। पुलिस हादसे की वजह की जांच कर रही है।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने सड़क किनारे लापरवाही से वाहन खड़ा करने वालों पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग भी उठाई है।




