रांची : झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। राज्य के 10 जिलों में आज भारी बारिश के साथ वज्रपात की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने रांची समेत रामगढ़, खूंटी, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर और जामताड़ा में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है।
बारिश के दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है। इसके अलावा तेज हवाएं भी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं।
40 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग के मुताबिक, बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है।
बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम
झारखंड में मौसम के बदलते मिजाज के पीछे बंगाल की खाड़ी में बन रहा निम्न दबाव का क्षेत्र प्रमुख कारण माना जा रहा है। इसके प्रभाव से राज्य में मानसूनी गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
15 सितंबर तक बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में 15 सितंबर तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। 11 और 12 सितंबर को कई जगहों पर बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है। 13 और 14 सितंबर को भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। 15 सितंबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।




