रांची: झारखंड में बारिश का सिलसिला अभी जारी रहने वाला है। मौसम विभाग ने 14 सितंबर तक राज्य के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवा चलने का भी अलर्ट है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 11 सितंबर के आसपास बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बन सकता है। इसका असर झारखंड के मौसम पर देखने को मिलेगा और कई इलाकों में बारिश बढ़ सकती है।
9 सितंबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।
देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। बोकारो, धनबाद और दक्षिण-पूर्वी झारखंड के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश के आसार हैं।
राजधानी रांची में भी बुधवार को मौसम बदला रहेगा। आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। यहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
10 सितंबर को रांची समेत बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में बारिश हो सकती है।




