रांची: स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में रांची को 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में 27वां स्थान मिला है। रांची का स्कोर 162.5 रहा। वहीं धनबाद ने 174.5 अंकों के साथ 17वां स्थान हासिल किया और रांची से आगे रहा। जमशेदपुर 147.3 अंकों के साथ 36वें स्थान पर रहा।
केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने नई दिल्ली में स्वच्छ वायु दिवस 2026 के कार्यक्रम में सर्वेक्षण के परिणाम जारी किए। इस दौरान राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के तहत बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहरों और वार्डों को सम्मानित किया गया।
वार्ड स्तर पर रांची के वार्ड 29 और वार्ड 26 को जगह मिली। 30 हजार से अधिक आबादी वाले वार्डों की श्रेणी में वार्ड 29 और 10 हजार से 30 हजार आबादी वाली श्रेणी में वार्ड 26 शामिल हुआ। वहीं धनबाद नगर निगम का वार्ड 15, 10 हजार से कम आबादी वाली श्रेणी में शामिल किया गया।
स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में सड़क की धूल, कचरा प्रबंधन, वाहनों और उद्योगों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए शहरों की ओर से किए गए प्रयासों का आकलन किया जाता है। इसका उद्देश्य शहरों में वायु प्रदूषण कम करना और हवा की गुणवत्ता में सुधार लाना है।




