रांची। JSSC-CGL प्रतियोगिता परीक्षा में गड़बड़ी के मामले में जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग (CID) की एसआईटी ने सोमवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पटना निवासी राजन कुमार के रूप में हुई है।
आरोप है कि राजन कुमार ने JSSC-CGL के कई अभ्यर्थियों को पश्चिम बंगाल के नियामतपुर स्थित एक होटल में ले जाकर परीक्षा के प्रश्न और उत्तर याद करवाए थे। इसके जरिए कुछ अभ्यर्थियों को परीक्षा में अनुचित लाभ पहुंचाने की बात सामने आई है। इनमें कुछ अभ्यर्थियों के परीक्षा में सफल होने की भी जानकारी मिली है।
बिचौलिये की भूमिका का आरोप
CID के अनुसार, राजन कुमार इस मामले में बिचौलिये की भूमिका में था। पहले गिरफ्तार आरोपियों और कुछ अभ्यर्थियों से पूछताछ के दौरान उसका नाम सामने आया था। इसके बाद पुलिस ने पूछताछ से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी भूमिका की जांच शुरू की।
जांच में मामले से जुड़े होने के सुराग मिलने के बाद एसआईटी ने राजन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद CID की टीम उससे पूछताछ कर रही है।
पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में परीक्षा गड़बड़ी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। यह मामला CID थाना कांड संख्या 01/2025 से जुड़ा है।



