रांची। झारखंड की साइकिलिस्ट सरिता कुमारी का 20वें एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय साइकिलिंग टीम में चयन हुआ है। एशियन गेम्स का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक जापान के नागोया शहर में होगा। सरिता इस प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
सरिता के चयन से झारखंड के साइकिलिंग खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों में खुशी है। इसे राज्य के लिए गौरव की उपलब्धि माना जा रहा है।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किया शानदार प्रदर्शन
साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव मनिंदर पाल सिंह और झारखंड साइकिलिंग संघ के महासचिव शैलेंद्र पाठक ने बताया कि सरिता कुमारी ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन किया है। उनकी मेहनत, अनुशासन और लगातार बेहतर प्रदर्शन के कारण उन्हें एशियन गेम्स में देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है।
उन्होंने कहा कि सरिता का चयन झारखंड में साइकिलिंग के बढ़ते स्तर और राज्य के खिलाड़ियों को मिल रही पहचान को दर्शाता है।
खेल जगत ने दी बधाई
सरिता कुमारी के चयन पर खेल सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक छवि रंजन, राजमहल सांसद विजय हसदा, पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा और झारखंड साइकिलिंग संघ के अध्यक्ष मधुकांत पाठक समेत कई पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई दी।
संघ के महासचिव शैलेंद्र पाठक, कोषाध्यक्ष रणवीर सिंह, उपाध्यक्ष अम्लान कुसुम सिन्हा, सुरजीत कुमार, पुष्पा हसन, जितेंद्र महतो, दिलीप गुप्ता, शशिकांत पांडे, दीपक हेंब्रम, रितेश झा, नरेश कुमार समेत अन्य लोगों ने भी सरिता को शुभकामनाएं दीं।
जेएसएसपीएस के प्रशिक्षक रामकुमार भट्ट और प्रथम शर्मा ने भी उन्हें बधाई दी। सभी ने उम्मीद जताई कि सरिता एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर देश और झारखंड का नाम रोशन करेंगी।




