Patna: भागलपुर स्थित महत्वपूर्ण विक्रमशिला सेतु के आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण उत्पन्न हुई आवागमन की समस्या के मद्देनजर रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। भागलपुर एवं नवगछिया-कटिहार के बीच सड़क संपर्क बाधित होने के बाद यात्रियों की कठिनाइयों को दूर करने के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया गया है। इस जनहितकारी और त्वरित पहल के लिए मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेन्द्र मोदी जी एवं केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने अपने बयान में कहा कि विक्रमशिला सेतु पर आवागमन प्रभावित होने से आम नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे समय में रेलवे द्वारा रेल सेवाओं का विस्तार किया जाना अत्यंत सराहनीय और स्वागत योग्य कदम है। इस विशेष व्यवस्था से भागलपुर, नवगछिया, कटिहार और उसके आसपास के क्षेत्रों के दैनिक यात्रियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
यात्रियों के लिए चलाई गईं ये विशेष ट्रेनें
रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुगमता के लिए कई स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है:
– भागलपुर से कटिहार की ओर: सुबह के समय गाड़ी संख्या 05781 (भागलपुर/सबौर – कटिहार स्पेशल) और गाड़ी संख्या 03407 (भागलपुर – कटिहार स्पेशल) का परिचालन किया जा रहा है। इसके अलावा शाम के वक्त गाड़ी संख्या 03409 (भागलपुर – कटिहार स्पेशल) यात्रियों के लिए उपलब्ध है।
– कटिहार से भागलपुर की ओर: सुबह के समय गाड़ी संख्या 03410 (कटिहार – भागलपुर स्पेशल), दोपहर में गाड़ी संख्या 03408 (कटिहार – भागलपुर स्पेशल) तथा शाम को गाड़ी संख्या 05782 (कटिहार – सबौर स्पेशल) चलाई जा रही है।
– अतिरिक्त सुविधा: सहरसा और आसपास के क्षेत्रों से भागलपुर आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए गाड़ी संख्या 05573/05574 (राघोपुर – सहरसा – खगड़िया – भागलपुर – देवघर स्पेशल) का परिचालन भी शुरू किया गया है।
मुख्यमंत्री ने अंत में दोहराया कि संकट की इस घड़ी में केंद्र सरकार और रेलवे विभाग द्वारा उठाये गए कदम से प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को खासी सहूलियत मिली है और प्रशासनिक समन्वय से जनता की परेशानी कम हुई है।




