रांची: झारखंड में H1N1 वायरस से होने वाले स्वाइन फ्लू के मामले सामने आ रहे हैं। राज्य के अलग-अलग इलाकों से जांच के लिए भेजे गए सैंपलों में अब तक 8 लोगों में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभी तक मामलों को लेकर कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है।
रिम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि जांच के लिए आए कुछ सैंपलों में H1N1 संक्रमण मिला है। उन्होंने कहा कि फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन कुछ लोगों के लिए यह संक्रमण गंभीर हो सकता है।
अस्पतालों को तैयार रहने के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग ने राज्य के सिविल सर्जनों और सदर अस्पतालों के उपाधीक्षकों को स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए जरूरी तैयारियां रखने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के साथ हुई ऑनलाइन बैठक में अस्पतालों को सतर्क रहने और संभावित मामलों से निपटने की तैयारी रखने को कहा गया था।
रांची में भी संक्रमण की सूचना
स्वास्थ्य विभाग से जुड़े सूत्रों के अनुसार, रांची में भी कई लोगों के H1N1 संक्रमित होने की सूचना है। रिम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभाग के एक डॉक्टर और उनके बेटे के संक्रमित होने की जानकारी सामने आई है। एक हॉस्टल के कुछ छात्रों के संक्रमित होने की भी खबर है। इसके अलावा एक निजी अस्पताल में भी स्वाइन फ्लू के मरीजों के भर्ती होने की सूचना मिली है।
बच्चों और बुजुर्गों को ज्यादा सावधानी की जरूरत
डॉ. मनोज कुमार के अनुसार, H1N1 संक्रमण आमतौर पर गंभीर नहीं होता, लेकिन बच्चों, बुजुर्गों और पहले से किसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों के लिए परेशानी बढ़ सकती है। ऐसे लोगों में संक्रमण होने पर विशेष सावधानी और डॉक्टर की निगरानी जरूरी है।




