रांची: विद्या भारती अखिल भारतीय राष्ट्रीय शिक्षा संस्थान के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री श्रीराम अरावकर आज रांची पहुंचेंगे। उनका झारखंड दौरा 29 अगस्त से 2 सितंबर तक प्रस्तावित है। हालांकि, वे 3 सितंबर को रांची से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
विद्या विकास समिति, झारखंड के प्रदेश मंत्री डॉ. ब्रजेश कुमार और प्रदेश सचिव नकुल कुमार शर्मा ने बताया कि श्रीराम अरावकर 29 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे नई दिल्ली से रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
संगठन और स्कूलों की करेंगे समीक्षा
झारखंड प्रवास के दौरान श्रीराम अरावकर विद्या विकास समिति और वनांचल शिक्षा समिति की प्रदेश कार्यकारिणी के साथ बैठक करेंगे। इसके अलावा वे राज्य के विद्या मंदिर और शिशु मंदिर स्कूलों का निरीक्षण भी करेंगे।
वह पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं और समयदानी कार्यकर्ताओं के साथ भी बैठक कर संगठन के कामकाज पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा नेतरहाट आवासीय विद्यालय की शिक्षा, प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं की भी जानकारी लेंगे।
वंदे मातरम कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा
श्रीराम अरावकर 25 सितंबर को होने वाले वंदे मातरम सामूहिक गायन कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा करेंगे। वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 25 सितंबर को सुबह 11 बजे एक साथ सामूहिक गायन कराने की योजना है।
इस कार्यक्रम में विद्या भारती से जुड़े विद्यार्थियों, अभिभावकों और समाज के अन्य लोगों को शामिल करने की योजना बनाई गई है।
2027 के घोष कार्यक्रम की बनेगी योजना
प्रवास के दौरान वर्ष 2027 में अमृत काल के अवसर पर प्रस्तावित अखिल भारतीय घोष कार्यक्रम की तैयारियों पर भी चर्चा होगी। इस दौरान विद्या भारती के राष्ट्रीय मंत्री ब्रह्माजी राव, उत्तर पूर्व क्षेत्र के मंत्री राम अवतार नारसरिया और क्षेत्रीय संगठन मंत्री ख्याली राम भी मौजूद रहेंगे।
विद्या विकास समिति ने कहा कि श्रीराम अरावकर के झारखंड प्रवास को लेकर संगठन के कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उनके दौरे से संगठन की गतिविधियों को और गति मिलने की उम्मीद है।




