हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले में शुक्रवार को रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस एक बड़े हादसे से बाल-बाल बच गई। चरही और बेस रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर अचानक लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली आ गई। तेज रफ्तार ट्रेन की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हो गई।
टक्कर के कारण वंदे भारत एक्सप्रेस के इंजन और आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रेन में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। हालांकि, राहत की बात यह है कि किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
करीब आधे घंटे तक रुकी रही ट्रेन
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। ट्रैक से ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटाया गया, जिसके बाद रेल परिचालन सामान्य किया गया।
हादसे के कारण वंदे भारत एक्सप्रेस करीब आधे घंटे तक मौके पर रुकी रही। इसके बाद ट्रेन को हजारीबाग स्टेशन ले जाया गया, जहां रेलवे अधिकारियों ने ट्रेन का निरीक्षण किया।
रेलवे अब जांच कर रहा है कि लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंची।
हावड़ा-राउरकेला वंदे भारत में भी आई थी खराबी
इससे पहले बुधवार को हावड़ा-राउरकेला वंदे भारत एक्सप्रेस में तकनीकी खराबी आ गई थी। इसके कारण ट्रेन ओडिशा के बिसरा स्टेशन पर करीब 1 घंटे 40 मिनट तक खड़ी रही।
चक्रधरपुर मंडल के जनसंपर्क निरीक्षक अबीर मिश्रा के अनुसार, ट्रेन के पहियों से जुड़ी प्रणाली में तकनीकी समस्या आई थी। यात्रियों को आगे ले जाने के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल ने दूसरे रेक की व्यवस्था की थी।




