फॉण्ट कनवर्टर NEW

सोमवारी की मौत पर क्यों उठे सवाल? ग्रामीणों ने निकाली रैली

Jamshedpur news: पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र के पोड़ाडीह गांव में 17 वर्षीय छात्रा सोमवारी पुराण की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। छात्रा का शव पिछले रविवार गांव में ही एक पेड़ से लटका हुआ मिला था। घटना के

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur news: पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र के पोड़ाडीह गांव में 17 वर्षीय छात्रा सोमवारी पुराण की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। छात्रा का शव पिछले रविवार गांव में ही एक पेड़ से लटका हुआ मिला था। घटना के बाद से ही परिजन और ग्रामीण मौत की परिस्थितियों को लेकर सवाल उठा रहे हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि सोमवारी की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई हो सकती है।

इसी आशंका को लेकर रविवार को पोड़ाडीह गांव में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष ग्रामीण सड़क पर उतरे। ग्रामीणों ने सोमवारी की तस्वीर हाथों में लेकर रैली निकाली और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। इस दौरान ग्रामीणों ने “सोमवारी को न्याय दो” के नारे लगाए और पुलिस से घटना की सच्चाई सामने लाने की अपील की।

ग्रामीणों के मुताबिक, शव मिलने के बाद घटनास्थल के आसपास से एक पत्र मिलने की चर्चा सामने आई थी। ग्रामीणों का दावा है कि पत्र में सोनू नामक युवक का जिक्र होने की जानकारी मिली है। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस से युवक की भूमिका की भी जांच करने की मांग की है। उनका कहना है कि जांच के दौरान किसी भी संभावित व्यक्ति या पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

ग्रामीणों ने छात्रा के मोबाइल फोन की जांच को भी मामले में अहम कड़ी बताया है। पुलिस से मोबाइल की कॉल डिटेल, मैसेज, चैट और अन्य गतिविधियों की जांच कराने की मांग की गई है। ग्रामीणों का मानना है कि मोबाइल की तकनीकी जांच से घटना से पहले सोमवारी के संपर्क में रहे लोगों की जानकारी मिल सकती है और यह भी स्पष्ट हो सकता है कि घटना से पहले उसे किसी ने फोन कर घर से बाहर बुलाया था या नहीं।

ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की गहन जांच कर मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अब पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि छात्रा की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram