पिठोरिया। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को पिठोरिया थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीएसपी अमर कुमार ने की। बैठक में थाना क्षेत्र की विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग शामिल हुए।
बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था तथा पूजा पंडालों के आसपास भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने पूजा समितियों के पदाधिकारियों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की। साथ ही किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने को कहा गया।

डीएसपी अमर कुमार ने कहा कि पूजा के दौरान सभी समुदायों के लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं। उन्होंने पूजा समितियों से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने तथा निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की। वहीं, थाना प्रभारी सतीश पांडेय ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समिति के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में पूर्व जिला परिषद सदस्य ऐनुल हक अंसारी, प्रदेश अध्यक्ष पसमाँदा मुस्लिम संघ मों सफ़दर अली, सुरेश राम समेत अन्य जनप्रतिनिधि, पूजा समिति के पदाधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे। उपस्थित लोगों ने दुर्गा पूजा के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन को हरसंभव सहयोग करने का भरोसा दिलाया। बैठक के दौरान पूजा समितियों की समस्याओं एवं सुझावों पर भी चर्चा की गई।



